धर्मेंद्र की फोटो और पोस्ट में लिखी गई बात ने बढ़ाई फैंस की चिंता, सोशल मीडिया पर लगने लगीं अटकलें, बढ़ा रहे हौसला

बॉलीवुड में ‘ही मैन’ के नाम से मशहूर महान एक्टर धर्मेंद्र (89) बरसों से लोगों पर अपना जादू चला रहे हैं। धर्मेंद्र की अद्भुत पर्सनलिटी से सब लोग उनकी ओर खिंचे चले आते हैं। उनकी जिंदादिली के चर्चे हर तरफ रहते हैं। धर्मेंद्र काफी भावुक भी हैं और कई मौकों पर यह जाहिर हो चुका है। धर्मेंद्र फैंस से अलग नहीं रह सकते, ऐसे में वे उनसे जुड़े रहने के लिए अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लगातार खुद से जुड़ी कोई न कोई पोस्ट शेयर करते रहते हैं। इनमें कभी बीते दिनों की यादें होती हैं, तो कभी मौजूदा हालात पर अपडेट मिलती है। अब धर्मेंद्र की एक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसे देख उनके चाहने वाले चिंता में पड़ गए।

धर्मेंद्र ने बुधवार (5 मार्च) को अपनी एक फोटो इंस्टाग्राम पर शेयर की, जिसमें वे ब्राउन टोंड स्वेटशर्ट और पैंट के साथ वेलवेट स्कार्फ पहने कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं। वे ख्यालों में खोए काफी परेशान लग रहे हैं। उनकी बढ़ी दाढ़ी देख ऐसा लग रहा है कि वे खुद पर ध्यान नहीं दे रहे। हो सकता है उन्हें कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्या हो। धर्मेंद्र ने इस फोटो के साथ जो कैप्शन दिया उसे देख लोग और घबरा गए। उन्होंने लिखा, “दूरियां दिलों में बढ़ती जा रही हैं...कब मिलेगा छुटकारा..इन गलतफहमियों से।”

धर्मेंद्र की इस पोस्ट और फोटो ने अटकलों को हवा दे दी है। उनके छोटे बेटे एक्टर बॉबी देओल ने हार्ट इमोजी शेयर कर रिएक्शन दी है। यूजर्स भी तरह-तरह के कमेंट कर धर्मेंद्र का हाल-चाल पूछने के साथ उनका हौसला बढ़ा रहे हैं। लोग धर्मेंद्र की तबीयत को लेकर सोच में पड़ गए हैं। साथ ही ऐसा भी लग रहा है कि उनके परिवार में शायद कुछ ठीक नहीं चल रहा।
पिछले साल शाहिद-कृति की फिल्म ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ में नजर आए थे धर्मेंद्र

एक यूजर ने लिखा, “आपको दुखी नहीं देख सकता सर जी, उम्मीद है कि सब कुछ ठीक हो जाएगा और हम आपको मुस्कुराते हुए देखेंगे। ढेर सारा प्यार और सम्मान।” एक अन्य ने लिखा, “आप हमेशा खुश रहिए, किसी की नजर न लगे।” दूसरे ने लिखा, “जीवन की विडंबना सर, अच्छे दिलवालों को अक्सर गलत समझा जाता है।” एक अन्य ने लिखा, “दूरियां फासलों से नहीं चुप रहने से बढ़ती हैं।” गौरतलब है कि धर्मेंद्र हिंदी सिनेमा में पिछले 60 सालों से लोगों का मनोरंजन कर रहे हैं।

वे आज भी पर्दे पर एक्टिव हैं और फिल्मों में अपने किरदार से लोगों को लुभा रहे हैं। धर्मेंद्र की पिछली फिल्म पिछले साल वेलेंटाइन वीक के दौरान रिलीज हुई ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ थी। इसमें शाहिद कपूर और कृति सेनन की मुख्य भूमिकाएं थीं। इससे पहले साल 2023 में आई ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ में भी धर्मेंद्र नजर आए थे। इसमें धर्मेंद्र का एक्ट्रेस शबाना आजमी के साथ लिप लॉक सीन काफी चर्चित रहा था।