2 News : अरुणा ईरानी का यह वीडियो देख फैंस हुए चिंतित, नीना गुप्ता की फिल्म 'दिल दोस्ती और डॉग्स' का ट्रेलर रिलीज

अरुणा ईरानी (78) हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का जाना-माना नाम है। उन्होंने अपने लंबे करिअर में विविध भूमिकाएं निभाई हैं। कॉमेडियन, नेगेटिव और कैरेक्टर रोल हर तरह से अरुणा लोगों का दिल जीतने में सफल रही हैं। पिछले कुछ सालों से उन्होंने काम कम कर दिया है। इस बीच अरुणा को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। अरुणा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसे देख फैंस परेशान हो रहे हैं। देखा जा सकता है कि अरुणा की हालत काफी खराब हो गई है। अरुणा व्हीलचेयर पर नजर आ रही हैं। उनके साथ एक बड़ा हादसा हो गया है।

अरुणा अपने पैर पर खड़ी नहीं हो पा रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये हादसा बैंकॉक में हुआ था और अब वह भारत लौट आई हैं। अरुणा के एक पांव में फ्रैक्चर है। उन्होंने बैसाखी भी पकड़ी हुई है। इतनी चोट के बाद भी अरुणा के चेहरे पर मुस्कान बनी हुई थी और साथ ही वो व्हीलचेयर पर बैठे-बैठे गाना भी गुनगुना रही थीं। बताया जा रहा है कि करीब 2 हफ्ते पहले अरुणा बैंकॉक में गिर गई थीं। इसके बाद उनका ट्रीटमेंट हुआ और फिर वे व्हीलचेयर और बैसाखी पर आ गई थीं। उस दौरान अरुणा बेहद दर्द में थीं और रिकवर करने के बाद स्वदेश आ गई हैं।

अब अरुणा का इलाज मुंबई में होगा। इस बीच कहा जा रहा है कि अरुणा जल्द ही एक गुजराती फिल्म में नजर आने वाली हैं। उल्लेखनीय है कि अरुणा ने अपने समय के सभी दिग्गज एक्टर्स के साथ काम किया है। अरुणा ने कई टीवी शो में भी काम करने के साथ इन्हें प्रोड्यूस किया है। उनके भाई इंद्र कुमार भी दिग्गज फिल्ममेकर हैं। अरुणा कई रियलिटी शो में स्पेशल गेस्ट के रूप में नजर आती हैं।
ओटीटी प्लेटफॉर्म पर इस दिन रिलीज होगी 'दिल दोस्ती और डॉग्स' मूवी

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता डायरेक्टर विरल शाह की फिल्म 'दिल दोस्ती और डॉग्स' एक दिल छू लेने वाली कहानी के माध्यम से कुत्तों और इंसानों के बीच के अनोखे बंधन को दर्शाएगी। फिल्म गोवा के खूबसूरत परिदृश्य को भी प्रदर्शित करती है। आज मंगलवार को इसका ट्रेलर रिलीज कर दिया गया। फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर 28 फरवरी को स्ट्रीम होगी। इसमें नीना गुप्ता और शरद केलकर मुख्य भूमिकाओं में हैं।

इसमें मसुमेह मखीजा, कुणाल रॉय कपूर, कीर्ति केलकर, टीनू आनंद, एहान भट्ट और तृधा चौधरी के भी अहम रोल हैं। नीना इसमें ‘बेथानी लॉरेंस’ बनी हैं। नीना ने कहा कि यह किरदार निभाना मेरे लिए एक गहरा भावनात्मक अनुभव था। वह एक ऐसी महिला है जिसने अपने जुनून को दबा दिया है और खुद को दुनिया से दूर कर लिया है, लेकिन एक अप्रत्याशित साथी के माध्यम से, वह सीखती है कि जीवन में अभी भी बहुत कुछ है। यह फिर से खोज की एक खूबसूरत यात्रा है, और मैं इससे व्यक्तिगत स्तर पर जुड़ी।

शरद फिल्म में अपनी पत्नी कीर्ति केलकर के साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। शरद ने कहा कि कीर्ति के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर करना खास था, लेकिन जिस चीज ने मुझे सबसे ज्यादा छुआ, वह थी मेरी ऑन-स्क्रीन बेटी के साथ मेरा बंधन। फिल्म निर्माता विरल शाह ने अपनी गुजराती फिल्म 'कच्छ एक्सप्रेस' के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार जीता है।