मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं। कभी काम की वजह से उनकी चर्चा होती है तो कभी उनकी निजी जिंदगी में चल रहीं घटनाओं के चलते वे खबरों में आ जाते हैं। बहरहाल बादशाह को लेकर जो खबर सामने आ रही है, वह उनके फैंस को चिंता में डाल देगी। बादशाह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट की है, जिसमें उनकी 2 फोटो दिखाई दे रही है। इसे देख नेटिजंस घबरा गए हैं और वे बादशाह का हालचाल पूछ रहे हैं। साथ ही कई तरह की अटकलें भी लगाई जा रही हैं। पहली तस्वीर में बादशाह का पूरा चेहरा सूजा हुआ नजर आ रहा है, वहीं दूसरी फोटो में एक आंख पर सफेद रंग की पट्टी बंधी हुई है।
इन फोटो के साथ बादशाह ने कैप्शन में लिखा, “अवतार जी का मुक्का हिट करता है जैसे...'#badsofbollywood #kokaina.” बादशाह की यह पोस्ट सामने आने के बाद धड़ाधड़ कमेंट्स शुरू हो गए और लोग उनके स्वास्थ्य को लेकर आशंकित हो गए हैं। एक फैन ने लिखा, “ये क्या हो गया, अभी तो आप शिकागो में परफॉर्म कर रहे थे।” दूसरे ने लिखा, “ऊं नम: शिवाय, बड़े भाई जल्द ठीक हो जाओ।” तीसरे ने लिखा, “अरे बादशाह भाई बता तो दो कि हुआ क्या है?” चौथे फैन ने लिखा, “बादशाह भाई अपना ख्याल रखना।”
इन फोटो को शेयर करने से पहले बादशाह ने अपने नए गाने KOKAINA की भी कुछ क्लिप शेयर की थी। कहा जा रहा है कि कहीं बादशाह ने इस गाने के प्रमोशन के लिए ही तो यह फोटो शेयर नहीं की, क्योंकि अभी तक चोट लगने की आधिकारिक तौर पर कोई और जानकारी नहीं मिली है। इसके अलावा बादशाह हाल ही रिलीज हुई आर्यन खान की वेब सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में भी नजर आए थे। सीरीज में बादशाह का एक रोल है, जिसमें वे एक्टर मनोज पाहवा (अवतार) से भिड़ जाते हैं। दोनों में अनबन होती है। बादशाह की यह पोस्ट सीरीज के किसी सीन का हिस्सा भी हो सकती है।
धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत दर्ज होगा सोनू सूद का बयानएक्टर सोनू सूद आज बुधवार (24 सितंबर) को ‘1एक्सबेट’ नामक एक ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप से जुड़े धनशोधन मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) के समक्ष पेश हुए। सोनू दोपहर लगभग 12 बजे चेहरे पर मास्क लगाकर मध्य दिल्ली स्थित ED ऑफिस पहुंचे। अधिकारियों ने बताया कि मामले के जांच अधिकारी सोनू से पूछताछ करेंगे और धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत उनका बयान दर्ज करेंगे। संघीय जांच एजेंसी ने इस जांच के तहत पिछले कुछ हफ्तों में पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना, शिखर धवन, रॉबिन उथप्पा और युवराज सिंह के साथ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की पूर्व सांसद अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती और बंगाली अभिनेता अंकुश हाजरा से पूछताछ की है।
एजेंसी ने कुछ महिला ‘सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर’ से भी पूछताछ की है। ‘1एक्सबेट’ से जुड़ी जांच, ऐसे मंचों के खिलाफ ED की व्यापक जांच का हिस्सा है, जिसमें कई लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी करने और प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष करों की भारी मात्रा में चोरी करने के आरोप हैं। भविष्य में एजेंसी द्वारा कुछ और खिलाड़ियों, फिल्म अभिनेताओं और मशहूर हस्तियों से पूछताछ किए जाने की संभावना है।
ED जल्द ही इस मामले में उन व्यक्तियों की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया भी शुरू कर सकता है, जिन्होंने ऐप की प्रचार गतिविधियों से उत्पन्न कथित अपराध की आय का उपयोग किया। इसके बाद अदालत में आरोप-पत्र दाखिल किया जाएगा। जांच का उद्देश्य मशहूर हस्तियों से यह जानना है कि सट्टेबाजी कंपनी ने उनसे समर्थन प्राप्त करने के लिए किस प्रकार संपर्क किया। केंद्र सरकार ने हाल में एक कानून लाकर भारत में ‘ऑनलाइन गेमिंग’ पर प्रतिबंध लगा दिया है।