2 News : एल्विश का यह वीडियो देख भड़के फैंस, दो शादियां टूटने के बाद अब फिर से फिटनेस पर ध्यान दे रहीं एक्ट्रेस

मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव लगातार लाइमलाइट में रहते हैं। कभी उनसे जुड़ा कोई विवाद सामने आता है तो कभी उनके काम की चर्चा होती है। दरअसल ‘बिग बॉस ओटीटी 2’ जीतने के बाद से उनकी लोकप्रियता में जबरदस्त इजाफा हुआ है। फैंस की हमेशा उन पर नजर रहती है। वे उनसे जुड़ी हर बात जानने के लिए बेकरार रहते हैं। इस बीच एल्विश का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एल्विश एक लड़के को बुरी तरह से डांटकर भगा रहे हैं। इस वीडियो को देख यूजर्स एल्विश से नाराजगी जताते हुए उनकी सख्त शब्दों में निंदा कर रहे हैं। वे एल्विश को ट्रॉल कर रहे हैं।

एल्विश का बच्चे को डांटते हुए वीडियो Pandat_ji नाम के एक्स (ट्विटर) हैंडल से पोस्ट किया गया है। इसके कैप्शन में लिखा है, “एक छोटा सा मासूम फैन ElvishYadav के पास सिर्फ़ एक तस्वीर खिंचवाने के लिए सच्चे प्यार से आया और एल्विश ने उसे सबके सामने अपमानित किया और डांटा। क्या आप उन लोगों के साथ ऐसा व्यवहार करते हैं जिन्होंने आपको वो बनाया है जो आप हैं? फैंस उनके लिए सिर्फ़ संख्याएं हैं, कोई मूल्य नहीं, कोई सम्मान नहीं..लानत है।” वीडियो में देखा जा सकता है कि एल्विश अपनी गाड़ी के पास खड़े हैं और फोटो क्लिक कराने आए बच्चे को डांट रहे हैं।

एक यूजर ने लिखा, “आज अफसोस हो रहा है कि इस ‘छपरी’ एल्विश यादव को क्यों वोट किया?” दूसरा लिखता है, “मुझे पछतावा है कि मैंने इसे भाई कहा।” तीसरे ने कहा, “जैसे ही ये वीडियो वायरल होगा वैसे ही एल्विश का माफी मांगते हुए वीडियो आ जाएगा।” चौथे ने लिखा, “जब छपरी को बाप बनाओगे तो डांट तो पड़ेगी ही।” एल्विश के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो उन्होंने कुछ दिनों पहले एमटीवी के लोकप्रिय रियलिटी शो ‘रोडीज डबल क्रॉस’ का खिताब अपने नाम किया था। वे इन दिनों कलर्स टीवी के कॉमेडी कुकिंग रियलिटी शो ‘लाफ्टर शेफ्स सीजन 2’ में नजर आ रहे हैं।
दलजीत कौर ने वर्कआउट वीडियो शेयर करते हुए लिखा, इस बार मैंने ठान लिया है कि…

एक्ट्रेस दलजीत कौर पर्सनल लाइफ को लेकर काफी चर्चाओं में रहती हैं। उनकी एक्टर शालीन भनोट से पहली शादी टूट गई थी और फिर उन्होंने केन्या के बिजनेसमैन निखिल पटेल से शादी के बाद धोखा मिला। अब दलजीत ने फिटनेस जर्नी फिर से शुरू करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। दलजीत ने इंस्टाग्राम पर जो वर्कआउट वीडियो साझा किया है उसमें वह जिम में पीठ और पैरों की एक्सरसाइज करती नजर आ रही हैं। दलजीत ने लिखा, “मैं पिछले एक साल से कई बार फिट होने की कोशिश कर चुकी हूं, लेकिन जीवन की उलझनें, व्यस्त दिनचर्या और भावनाएं मुझे हमेशा पीछे खींचती रहीं।

इस बार मैंने ठान लिया है कि अब कोई बहाना नहीं चलेगा और फिट होने पर पूरा ध्यान देना होगा। मेरा ट्रेनर एक्सरसाइज के मामले में काफी सख्त है। वह अलग-अलग ट्रेनिंग के तरीके इस्तेमाल करता है ताकि सही नतीजे मिल सकें। हर इंसान की जरूरतें अलग होती हैं, इसलिए सही नतीजे पाने के लिए, हर किसी के हिसाब से सही डाइट और एक्सरसाइज बनानी पड़ती है।

ये जर्नी अब शुरू हो चुकी है और मैं हर कदम आप सबके साथ शेयर करूंगी, जैसा है वैसा ही, बिना किसी बनावट के, पूरी ईमानदारी के साथ। अब वक्त है अपनी जिंदगी को एक-एक एक्सरसाइज के साथ बेहतर बनाने का।” दलजीत मार्च 2023 में निखिल से शादी करके केन्या चली गई थीं, लेकिन जनवरी 2024 में अपने बेटे जेडन के साथ भारत वापस लौट आईं। इससे पहले दलजीत का साल 2015 में शालीन से तलाक हो गया था। जेडन इन दोनों का बेटा है।