एक्ट्रेस एवलिन बनीं मां, ‘अंतिम’ के गाने का टीजर रिलीज, मिनिषा ने फोटो शेयर कर दी गुरुपर्व की बधाई

एक्ट्रेस एवलिन शर्मा और उनके पति तुषान भिंडी के घर खुशियां आ गई हैं। एवलिन ने बेटी को जन्म दिया है। उसका नाम अवा रानिया भिंडी रखा है। एवलिन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर उन्हें चाहने वालों के लिए यह जानकारी शेयर की। साथ ही बेटी की झलक भी दिखाई। अवा का जन्म 12 नवंबर को हुआ था। एवलिन ने कैप्शन में लिखा, मेरी जिंदगी का सबसे महत्वपूर्ण रोल...मम्मी। फोटो में एवलिन ने अवा को बेबी स्लिंग में रखा है। एवलिन ने उसका सिर चेस्ट पर रखा है और किस करती हुई नजर आ रही हैं। अवा का मतलब जिंदगी, चिड़िया, पानी और आइलैंड होता है।

अभिनेता नील नितिन मुकेश ने एवलिन की पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, आपको बधाई हो मेरी प्यारी। एवलिन ने इसी साल 6 जून को बॉयफ्रेंड तुषान से ऑस्ट्रेलिया में क्रिस्चियन रीति-रिवाज से शादी की थी। यह एक प्राईवेट सेरेमनी थी, जिसमें दोनों के परिजन और कुछ करीबी ही शामिल हुए थे। उनकी सगाई अक्टू बर 2019 में हुई थी। तुषान एक डेंटल सर्जन हैं। एवलिन ने साल 2006 में एक अमेरिकन मूवी से डेब्यू किया था। उन्होंने साल 2012 में बॉलीवुड में From Sydney with Love फिल्म के साथ एंट्री ली। साल 2013 में 'ये जवानी है दीवानी' में उन्होंने लारा का किरदार निभाया था।

24 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी अंतिम : द फाइनल ट्रुथ फिल्म

सलमान खान और उनके बहनोई आयुष शर्मा की फिल्म ‘अंतिम : द फाइनल ट्रुथ’ का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म से एक गाने ‘कोई तो आएगा’ का टीजर सामने आया है। इसे सलमान ने शेयर किया है। इसमें सलमान पूरी तरह से बीस्ट मोड में दिखाई दे रहे हैं। सलमान हड्डियों को तोड़ते और सिर फोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। सलमान का यह अंदाज बड़ा निराला है। इसका म्यूजिक रवि बसरूर ने दिया है और बोल रवि बसरूर और शब्बीर अहमद ने लिखे हैं। बैकग्राउंड वोकल्स रवि बसरूर और उनकी टीम ने दिए हैं।

यह फिल्म 24 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसका निर्देशन महेश मांजरेकर कर रहे हैं। साईं मांजरेकर और प्रज्ञा जायसवाल भी लीड रोल में हैं। फिल्म में एक तरफ जहां सलमान एक सरदार के गेटअप में हैं, तो वहीं दूसरी ओर आयुष का ट्रांसफॉर्मेशन भी लाजवाब था। आयुष ने गजब की बॉडी बनाई है। मूवी 2018 में रिलीज हुई मराठी फिल्म मुलशी पैटर्न पर आधारित है।

मैंने सेवा की परंपरा को हमेशा जारी रखा : मिनिषा लांबा

आज शुक्रवार (19 नवंबर) को देशभर में प्रथम पातशाही गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व का जश्न मनाया जा रहा है। लोग गुरूद्वारे जाकर सिर झुका रहे हैं। एक्ट्रेस मिनिषा लांबा ने बंगला गुरूद्वारे से अपनी तस्वीरें शेयर कर फैंस को गुरुपर्व की बधाई दी है। फोटो में मिनिषा बंगला साहिव गुरुद्वारा में दोनों हाथ जोड़े खड़ी हैं। उन्होंने ब्लू सूट पहना है और सिर पर दुपट्टा भी कैरी किया है। एक दूसरी फोटो में मिनिषा सरोवर किनारे बैठी दोनों हाथ जोड़े गुरु को नमन कर रही हैं।

मिनिषा ने हाल ही में एक इंटरव्यू में बताया कि मैं कुछ ही दिन पहले गुरुद्वारे का दर्शन करने के लिए गई थीं, जो कि मेरे लिए किसी वरदान से कम नहीं था। जब मैं दिल्ली में पढ़ाई कर रही थीं तब अक्सर वहां जाती रहती थीं। लेकिन कई सालों से मुझे वहां जाने का मौका नहीं मिल पाया है। मैंने सेवा की परंपरा को हमेशा जारी रखा, जो मेरे पेरेंट्स ने बचपन से ही मुझे सिखाया था। यहां तक कि जब मैं काम के सिलसिले में मुंबई गई थी उस समय भी मैं सेवा करती थी।