एक्टर इमरान हाशमी को साल 2023 में रिलीज हुई ‘एनिमल’ फिल्म बहुत पसंद आई। इमरान ने फिल्म के प्रति डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा की सटीक अप्रोच की प्रशंसा करते हुए कहा कि फिल्म में उनका आत्मविश्वास झलकता है। इमरान ने गैलाटा प्लस को दिए इंटरव्यू में कहा कि अगर आप ‘एनिमल’ जैसी फिल्म देखेंगे, तो लोगों की राय अलग-अलग हो सकती है। या तो उन्हें फिल्म पसंद आएगी या फिर नफरत। मुझे फिल्म बहुत पसंद आई। आप संदीप की दृढ़ता देख सकते हैं। वे एक ऐसे निर्देशक हैं जो पूरे दिल से फिल्म में डूब जाते हैं और उन्होंने वैसी ही फिल्म बनाई है जैसी वह बनाना चाहते हैं, है ना? तो यह फिल्म अनकरप्टेड है।
मैंने उस फिल्म का पहला सीन देखा, मुझे लगा कि कोई भी इस तरह से शॉट नहीं लेता। संदीप ने उस सीन के लिए कंधे के ऊपर से कट भी नहीं किया। मुझे लगा कि यह बहुत नया है, लेकिन इसमें एक निर्देशक का आत्मविश्वास है, क्योंकि सीन टिक जाता है, और उन्होंने इसे दो शॉट में कर दिखाया। यह एक लंबा सीन है, यह लगभग 9-10 मिनट का सीन है। सिनेमैटोग्राफर रवि के. चंद्रन ने मुझे फिल्म 'ओजी' की शूटिंग के दौरान बताया कि ‘एनिमल’ में ज्यादा वाइड शॉट नहीं हैं। अगर मैं गलत नहीं हूं, तो मुझे लगता है कि उन्होंने यही कहा होगा।
उन्होंने कहा कि निर्देशक ने जो किया है, वह बिल्कुल अलग और नया था। पिछले साल इंस्टेंट बॉलीवुड को दिए एक इंटरव्यू में इमरान ने कहा था कि काश वे ‘एनिमल’ का हिस्सा बन पाते। पिछले महीने रिलीज हुई आर्यन खान की वेब सीरीज ‘बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में इंटमेसी कोच की भूमिका में नजर आए इमरान के किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया। हालांकि इमरान के 15 साल के बेटे अयान ने उनसे कहा कि वह इस किरदार को लेकर काफी शर्मिंदा हैं। इमरान ने हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत में कहा कि मुझे नहीं पता मुझे ये कैमरे पर कहना चाहिए कि नहीं...मेरा बेटा इस रोल को लेकर काफी शर्मिंदा है।
स्कूल में, ऐसी सोसाइटी होती है जो आपको सिखाती है...तो उसके सारे दोस्त अब उससे कहते हैं कि वो इंटिमेसी कोच क्यों नहीं बन जाता है। अयान ने मुझसे कहा कि मैंने उसके लिए स्कूल में सब खराब कर दिया है। हर रोज उसे स्कूल में चिढ़ाया जाता है और कहा जाता है कि अपने पिता से कहो कि अब बस रुक जाएं। उल्लेखनीय है कि इमरान की इमेज इंडस्ट्री में लंबे समय तक ‘सीरियल किसर’ की रही है। इमरान के वर्कफ्रंट पर नजर डालें तो वे जल्द ही ‘हक’ मूवी में नजर आएंगे जो 7 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसमें उनके साथ यामी गौतम हैं। फिल्म शाह बानो केस पर आधारित और डायरेक्टर सुपर्ण वर्मा हैं।
‘है जवानी तो इश्क होना है’ में वरुण धवन के साथ हैं ये दो एक्ट्रेसडायरेक्टर डेविड धवन के डायरेक्शन वाली अपकमिंग फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ को लेकर फैंस में काफी उत्साह है। इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म में एक्टर वरुण धवन मुख्य भूमिका में नजर आने वाले हैं। वरुण के साथ दो एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े रहेंगी। इसे लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आई है। मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट में बदलाव किया है। पहले यह अप्रैल 2026 में आने वाली थी, लेकिन अब यह 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।
वरुण ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर फिल्म की एक फोटो शेयर की है। इसमें नारियल के पेड़ों के साथ बीच में फिल्म का टाइटल ‘है जवानी तो इश्क होना है’ लिखा है। इसके साथ ही सबसे ऊपर तीनों स्टार्स का नाम लिखा नजर आ रहा है। साथ ही बताया गया है कि ये फिल्म अब 5 जून 2026 को रिलीज होगी। इसमें मौनी रॉय, चंकी पांडे, मनीष पॉल, जिमी शेरगिल, राकेश बेदी और अली असगर भी अहम किरदारों में हैं। इसे रमेश तौरानी की टिप्स फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है।
यह बाप-बेटे डेविड और वरुण का चौथा कोलैबोरेशन है। वे इससे पहले ‘मैं तेरा हीरो’ (2014), ‘जुड़वा 2’ (2017) और ‘कुली नंबर 1’ (2020) जैसी कॉमेडी-ड्रामा फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। वर्कफ्रंट की बात करें तो वरुण हाल ही में आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना की हॉरर-कॉमेडी ‘थामा’ में एक कैमियो रोल में दिखे थे।