2 News : दिव्या ने तीशा की Photos शेयर कर लिखा इमोशनल नोट, मौत की अफवाह उड़ने पर एक्टर ने दी रिएक्शन

‘बेवफा सनम’ फेम एक्टर कृष्ण कुमार की बेटी तीशा कुमार का 18 जुलाई को निधन हो गया था। वह 20 साल की थीं और कैंसर से जूझ रही थीं। तिशा, गुलशन कुमार की भतीजी और संगीतकार अजीत सिंह की पोती थीं। साथ ही वह टी-सीरीज के मालिक भूषण कुमार की चचेरी बहन थीं। मंगलवार (22 जुलाई) को मुंबई में तेज बारिश के बीच तीशा का अंतिम संस्कार किया गया। हालांकि अंतिम संस्कार सोमवार को ही किया जाना था, लेकिन तब बारिश नहीं रुकने से इसे टाल दिया गया। तीशा के पिता ने मुखाग्नि दी।

बीते दिन प्रेयर मीट भी आयोजित की गई थी। इस दौरान तीशा के पिता और मां बदहवास नजर आए। इस मुश्किल वक्त में उनका पूरा परिवार साथ था। तीशा की भाभी और भूषण कुमार की पत्नी एक्ट्रेस दिव्या खोसला कुमार को भी इस दुखभरी घटना ने हिलाकर रख दिया है और वह काफी आहत हैं। उन्हें गहरा सदमा लगा है। उन्होंने एक पोस्ट साझा करके अपना दुख जाहिर किया और कुछ अनदेखी झलकियां साझा कीं। दिव्या ने इंस्टाग्राम पर तीशा की यादें साझा की हैं।

इन तस्वीरों के साथ ही उन्होंने एक इमोशनल पोस्ट भी लिखी। साथ ही दिव्या ने तीशा की मां तान्या सिंह के लिए भी दुआ की है। दिव्या ने लिखा, “तीशा तुम हमेशा हमारे दिलों में रहोगी। इतनी जल्दी चली गई। तान्या सिंह भगवान आपको इस सबसे दर्दनाक नुकसान से उबरने की शक्ति दें।” उल्लेखनीय है कि तीशा को मुंबई में लंबे इलाज के बाद जर्मनी शिफ्ट किया गया था। वहीं पर इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

कई टीवी शो में काम कर चुके देवेन भोजानी को एक यूजर ने दी श्रद्धांजलि तो...

देवेन भोजानी मनोरंजन जगत में कई सालों से एक्टिव हैं। उन्होंने कई सीरियल और फिल्मों में काम किया है। हालांकि छोटे पर्दे पर देवेन ने खूब काम किया और उन्हें इसके बदले में दर्शकों से भरपूर प्यार भी मिला। इस बीच सोशल मीडिया पर देवेन की मौत की अफवाह उड़ गई। अब देवेन ने इस पर रिएक्शन दी है। दरअसल शनिवार को देवेन ने अपना एक इंटरव्यू शेयर किया, जिस पर एक एक्स यूजर ने उनके लिए शोक संदेश लिखकर कमेंट कर दिया।

इसमें लिखा था, “बहुत अच्छे थे आप, हमें आपने खूब हंसाया, रेस्ट इन पीस।” बात बढ़ती देख देवेन ने सोमवार (22 जुलाई) को साफ कर दिया कि वे जीवित हैं। देवेन ने लिखा, “हैलो! हैलो! हेलो! मैं जिंदा हूं यार।” यह देख फैंस काफी खुश हैं और चाहते हैं कि उनका चहेता एक्टर सालों-साल सुखी और स्वस्थ रहकर मनोरंजन की दुनिया में चमक बिखेरता रहे।

उल्लेखनीय है कि देवेन ने ‘देख भाई देख’, ‘ऑफिस-ऑफिस’, ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ जैसे कई सीरियल में दर्शकों को खूब हंसाया है। हालांकि देवेन पिछले दो साल से टीवी से दूर हैं और फिल्म व वेब सीरीज में बिजी हैं। देवेन ने 'डंकी', 'स्कूप' और 'अग्निपथ' में उल्लेखनीय भूमिकाएं निभाईं। वे टीवी पर आखिरी बार 'भाकरवाड़ी' शो में नजर आए थे।