बाल मृत्यु का योग था, पर.... नजरअंदाज कर दिया, दिव्या भारती की मां का चौंकाने वाला खुलासा; Video

विश्वात्मा, दीवाना, शोला और शबनम, दिल का क्या कसूर जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में अपने अभिनय से सबको दीवाना बनाने वाली दिव्या भारती ने महज 19 साल की उम्र में 21 फिल्मों में काम कर लिया था। वो बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस बन चुकी थीं, लेकिन फिर एक दिन ऐसा आया जिसने सबको सदमे में डाल दिया। उनकी रहस्यमयी मौत आज भी एक गुत्थी बनी हुई है। कोई इसे आत्महत्या कहता है तो कोई मर्डर। इसी बीच दिव्या भारती की मां मीता भारती का एक इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने एक ऐसा राज खोला है जिसे सुनकर हर मां का दिल कांप उठेगा।

इंस्टाग्राम पर ig_divyabharti नाम के फैन पेज पर मीता भारती का एक थ्रोबैक वीडियो शेयर किया गया है। इस वीडियो में वह कहती हैं कि उन्हें पहले से ही अंदाजा था कि दिव्या की जिंदगी लंबी नहीं होगी। उन्होंने बताया, दिव्या की जन्म कुंडली में बाल मृत्यु का योग था, लेकिन एक मां होते हुए मैं उस संकेत को नजरअंदाज कर गई। उन्होंने कहा कि समय बीत गया और वो भविष्यवाणी याद से उतर गई, लेकिन जब वो काली रात आई, तब उन्हें सब याद आ गया। दिव्या महज 18-19 साल की उम्र में दुनिया छोड़ गईं—खुदकुशी या फिर कुछ और, यह सवाल आज भी लोगों के मन में है।

छोटा लेकिन सितारों से भरा था दिव्या भारती का फिल्मी सफर

25 फरवरी 1974 को मुंबई में जन्मीं दिव्या भारती का बचपन से ही पढ़ाई से ज्यादा एक्टिंग और डांस में मन लगता था। उन्होंने 1990 में साउथ फिल्म बबली राजा से डेब्यू किया, जो सुपरहिट साबित हुई। इसके बाद 1992 में फिल्म विश्वात्मा से उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा और फिर एक के बाद एक हिट फिल्में दीं—शोला और शबनम, दीवाना, दिल आशना है, बलवान, और कई और। उनके चेहरे की मासूमियत और एक्टिंग की परिपक्वता ने सबको हैरान कर दिया।
10 मई 1992 को दिव्या ने फिल्म निर्माता साजिद नाडियाडवाला से शादी की और इस्लाम कबूल कर लिया। लेकिन प्यार, शोहरत और सफलता सबकुछ होने के बावजूद, 5 अप्रैल 1993 की वो रात उनके जीवन की आखिरी रात बन गई। बिल्डिंग से गिरकर उनकी मौत हो गई—पर आज भी यह साफ नहीं हो पाया कि वह हादसा था, आत्महत्या थी या कुछ और… उनकी मिस्ट्री आज भी अधूरी है और मां की आंखों में आज भी वो सवाल हैं जिनका जवाब कोई नहीं दे सका।