दिलजीत दोसांझ ने भारत-पाकिस्तान मैच पर उठाए सवाल, सरदारजी 3 के बैन पर भी कही यह बात

पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने अब तक इंटरनेशनल स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उनके लाइव कॉन्सर्ट और फिल्मों का फैंस बेसब्री से इंतजार करते हैं। हाल ही में उनकी फिल्म 'सरदारजी 3' रिलीज़ हुई थी, जिसमें पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर ने अहम भूमिका निभाई थी। इसी वजह से फिल्म को लेकर काफी विवाद हुआ और भारत में इसे बैन कर दिया गया। अब दिलजीत ने इंडिया-पाकिस्तान मैच को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।

पहलगाम हमले और फिल्म की शूटिंग


पहलगाम हमले के बाद भारत ने कई पाकिस्तानी कलाकारों पर पाबंदी लगाई थी। इसी कड़ी में 'सरदारजी 3' भी प्रभावित हुई और फिल्म पर बैन लगा दिया गया। दिलजीत दोसांझ को भी इस मामले में सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने अपनी सफाई देते हुए कहा कि फिल्म की शूटिंग हमले से पहले पूरी हो चुकी थी।
दिलजीत की प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर वायरल

हाल ही में दिलजीत की एक क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें वे भारत के झंडे को सलाम करते दिख रहे हैं। वीडियो में दिलजीत कहते हैं, यह मेरे देश का झंडा है, इसके लिए हमेशा सम्मान है। मेरी फिल्म सरदारजी 3 की शूटिंग फरवरी में हो गई थी, लेकिन मैच अभी खेले जा रहे हैं। मेरे पास इसके बहुत जवाब हैं लेकिन मैं चुप रहता हूं। हमले के बाद और आज भी हमारी यही प्रार्थना है कि आतंकवादियों को कड़ी सजा मिले। फर्क यह है कि मेरी फिल्म हमले से पहले शूट हुई थी और मैच हमले के बाद हुआ है।

मीडिया पर निशाना

दिलजीत दोसांझ ने मीडिया को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, नेशनल मीडिया ने मुझे एंटी-नेशनल बता दिया, लेकिन सिख और पंजाबी समुदाय कभी देश के खिलाफ नहीं जा सकते।

ओवरसीज रिलीज और बॉयकॉट की मांग

बता दें कि 'सरदारजी 3' में हानिया आमिर की उपस्थिति के कारण दिलजीत ने इसे सिर्फ ओवरसीज रिलीज किया था। फिल्म के दौरान उन्हें सोशल मीडिया पर बॉयकॉट की मांग का भी सामना करना पड़ा।