2 News : रणवीर सिंह के 40वें जन्मदिन पर रिलीज हुआ ‘धुरंधर’ का टीजर, करण जौहर ने कविता के साथ किया विश

लाखों-करोड़ों लोगों की दिलों की धड़कन दिग्गज एक्टर रणवीर सिंह का आज रविवार (6 जुलाई) को जन्मदिन है। वे 40 साल के हो गए हैं। रणवीर के लिए सोशल मीडिया पर उनके फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के साथियों की ओर से बधाइयों का तांता लगा हुआ है। इस बीच रणवीर की फिल्म ‘धुरंधर’ के मेकर्स ने उनके चाहने वालों को एक शानदार तोहफा दिया है। फिल्म से रणवीर का फर्स्ट लुक रिलीज कर दिया गया है। इसने आते ही इंटरनेट पर धमाल मचा दिया। लुक के साथ-साथ फिल्म की रिलीज डेट भी सामने आ गई है।

फिल्म 5 दिसंबर को बड़े पर्दे पर दस्तक देने वाली है। टीजर 2 मिनट 39 सैकंड का है, जिसमें रणवीर का शानदार अवतार देखने को मिला जिसने फिल्म को लेकर दर्शकों की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। लंबे बाल, बढ़ी हुई दाढ़ी और मुंह में सिगरेट दबाए रणवीर का दमदार लुक सामने आया है। ये एक गैंगस्टर ड्रामा फिल्म है जिसमें एक से बढ़कर एक एक्टर्स दिखाई देंगे। संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना और आर माधवन की झलक टीजर में देखने को मिली। माधवन को पहचानना भी मुश्किल हो रहा है।

वो कोट-पैंट पहने और गंजे लुक में हैं। उनका लुक काफी हद तक एनएसए अजीत डोभाल के लुक से मिलता हुआ लगता है। अक्षय का लुक भी दमदार लगा। 'छावा' में ‘औरंगजेब’ की भूमिका निभाने के बाद अक्षय एक बार फिर प्रभावित कर रहे हैं। फिल्म की कहानी एक सीक्रेट मिशन की कहानी है जिसमें संभवत: रणवीर एक सीक्रेट एजेंट के किरदार में नजर आ रहे हैं। ‘धुरंधर’ को लेकर रणवीर पिछले काफी वक्त से चर्चाओं में बने हुए हैं। शूटिंग से उनके कई वीडियो भी सामने आए थे। इनमें रणवीर बड़े बालों और तगड़ी बॉडी वाले लुक में दिखे थे। फिल्म के डायरेक्टर एक्ट्रेस यामी गौतम के पति आदित्य धर हैं।
करण जौहर ने बांधे रणवीर की तारीफों के पुल, शेयर की अनसीन फोटो


फिल्ममेकर करण जौहर ने रणवीर सिंह को स्पेशल अंदाज में बर्थडे विश किया है। करण ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर खास पोस्ट शेयर की है। उन्होंने रणवीर की कई अनदेखी तस्वीरों को साझा करते हुए उनकी तारीफों में एक कविता लिखी है। करण ने लिखा, “हैप्पी बर्थडे @ranveersingh एनर्जेटिक आत्मा, चमकती हुई चमक, रात में एक धूमकेतु के जैसे चमकते हुए, हर कदम पर एक चमकती हुई जयकार, रणवीर चलते हैं और दुनिया करीब आती है।

उनकी हंसी विंटर के आसमान की तरह घूमती हैं, उनकी आंखों के पीछे एक कॉपी करने का टैलेंट, हजारों आवाजें, कलर्स और तरीके, उनकी एक्टिंग हमें सरप्राइज कर देती है। वह जोक करते हैं, डांस करते, उछलते और घूमते हैं। नश्वर दुनिया में एक पागल राजकुमार, फिर भी जड़ें डीप हैं, एक लॉयल बेटा, एक भाई, पति, सब में एक। दीपिका की हंसी के लिए, पेरेंट्स के प्राउड के लिए, उन दोस्तों के लिए जिन्हें पता है कि वह कभी नहीं छुपेंगे, वह अपना सब कुछ देते हैं, अपनी आत्मा, अपनी हंसी, ऐसा प्यार और रोशनी वह अपने पास रखते हैं।

तो यहां रणवीर के लिए है-भयंकर और सच्चा, बॉलीवुड के नीले में एक इंद्रधनुष फूट पड़ा, उनकी आत्मा हमेशा उछलती और गाती रहे, ब्लिंग के भगवान रणवीर सिंह अमर रहें!!” रणवीर की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उन्होंने साल 2018 में इटली में दीपिका पादुकोण के साथ शादी की थी। पिछले साल उनकी जिंदगी में सबसे बड़ी खुशी का आगमन हुआ, जब दीपिका ने बेटी दुआ को जन्म दिया।