आदित्य धर के निर्देशन में बनी रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ ने रिलीज के बाद से ही बॉक्स ऑफिस पर ऐसा असर छोड़ा है, जिसे नजरअंदाज करना मुश्किल है। 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली इस एक्शन स्पाई थ्रिलर की कमाई की रफ्तार दूसरे हफ्ते में भी थमने का नाम नहीं ले रही। देश ही नहीं, बल्कि विदेशी बाजारों में भी फिल्म लगातार मजबूती से आगे बढ़ रही है। दिलचस्प बात यह है कि ‘धुरंधर’ ने अपने दूसरे हफ्ते में भारत में ‘पुष्पा 2’ के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है। आइए जानते हैं कि रिलीज के 14वें दिन यानी दूसरे गुरुवार को फिल्म ने वर्ल्डवाइड स्तर पर कितना कारोबार किया।
14 दिनों में ‘धुरंधर’ की ग्लोबल कमाई‘धुरंधर’ का जादू ओवरसीज मार्केट में भी सिर चढ़कर बोल रहा है। शुरुआती 14 दिनों में फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस से करीब 150 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। इसके चलते दूसरे हफ्ते के अंत तक फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 702 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। ट्रेड पंडितों का मानना है कि जिस रफ्तार से फिल्म आगे बढ़ रही है, उसे देखते हुए आने वाले हफ्तों में 1000 करोड़ रुपये के आंकड़े को छूना अब दूर की बात नहीं लग रही।
भारत में दूसरे हफ्ते भी कायम रहा दबदबाभारत में ‘धुरंधर’ 2025 की सबसे बड़ी बॉक्स ऑफिस सफलताओं में शामिल होती जा रही है। एक्शन, जासूसी और दमदार परफॉर्मेंस से सजी इस फिल्म ने रिलीज के साथ ही शानदार ओपनिंग की थी। दर्शकों का उत्साह ऐसा रहा कि दूसरे हफ्ते में भी कई सिनेमाघरों में शो हाउसफुल चलते नजर आए। फिल्म की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वीकडेज में भी इसकी कमाई करोड़ों में बनी हुई है। मौजूदा रुझानों को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि ‘धुरंधर’ साल की सबसे बड़ी कमाई करने वाली फिल्मों में अपना नाम दर्ज करा सकती है।
14वें दिन तक भारत में कितना कमा चुकी है ‘धुरंधर’?अगर फिल्म के भारत में रोजाना कलेक्शन पर नजर डालें तो इसके आंकड़े काफी चौंकाने वाले हैं। ‘धुरंधर’ ने पहले हफ्ते में 207.25 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी। इसके बाद आठवें दिन फिल्म ने 32.5 करोड़, नौवें दिन 53 करोड़, दसवें दिन 58 करोड़ और ग्यारहवें दिन 30.5 करोड़ रुपये का कारोबार किया। वहीं बारहवें दिन भी फिल्म ने 30.5 करोड़, जबकि तेरहवें दिन 25.5 करोड़ रुपये बॉक्स ऑफिस पर जोड़े।
सैकनिल्क की अर्ली ट्रेंड रिपोर्ट के अनुसार, रिलीज के 14वें दिन यानी दूसरे गुरुवार को ‘धुरंधर’ ने करीब 23 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल कलेक्शन 460.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। जिस तरह से ‘धुरंधर’ का प्रदर्शन जारी है, उससे साफ है कि आने वाले दिनों में इसके रिकॉर्ड और भी ऊंचाइयों तक जा सकते हैं।