रणवीर सिंह और आदित्य धर की जोड़ी वाली फिल्म ‘धुरंधर’ और उसका सीक्वल ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल करने के बाद लगातार चर्चा में बने हुए हैं। दोनों फिल्मों ने एक्शन, कहानी और बड़े पैमाने पर फिल्माए गए सीक्वेंस के दम पर दर्शकों का दिल जीत लिया। रिलीज के कई महीनों बाद भी फिल्म को लेकर फैंस का उत्साह कम नहीं हुआ है। इसी बीच अब मेकर्स की तरफ से एक ऐसा बयान सामने आया है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। संकेत मिल रहे हैं कि इस साल के अंत तक ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी से जुड़ा कोई बड़ा सरप्राइज सामने आ सकता है।
मेकर्स बोले- ‘धुरंधर’ की कहानी अभी पूरी नहीं हुईहाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान जियो स्टूडियोज की प्रोड्यूसर ज्योति देशपांडे से पूछा गया कि क्या ‘धुरंधर’ और उसके सीक्वल की सफलता के बाद अब टीम थोड़ा आराम करने की सोच रही है। इस सवाल के जवाब में उन्होंने साफ कहा कि टीम अभी इस फ्रेंचाइजी से पूरी तरह बाहर नहीं आई है।
उन्होंने कहा कि दर्शकों के लिए अभी कुछ खास बचाकर रखा गया है और उम्मीद है कि साल खत्म होने से पहले एक बड़ा सरप्राइज फैंस के सामने लाया जाएगा। हालांकि उन्होंने इस सरप्राइज के बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की, लेकिन उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
BTS डॉक्यूमेंट्री की चर्चा ने पकड़ा जोरमेकर्स के इस बयान के बाद कई फैंस अनुमान लगा रहे हैं कि शायद फिल्म से जुड़ी कोई बिहाइंड द सीन्स (BTS) डॉक्यूमेंट्री रिलीज की जा सकती है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई यूजर्स ने इस संभावना को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की है।
एक यूजर ने लिखा कि अगर ‘धुरंधर’ की मेकिंग और शूटिंग पर आधारित डॉक्यूमेंट्री रिलीज होती है और साथ में मौर्य ट्रिलॉजी की घोषणा भी की जाती है, तो यह फैंस के लिए किसी बड़े तोहफे से कम नहीं होगा। फिल्म के भव्य सेट, दमदार एक्शन और बड़े स्तर पर शूट किए गए सीन्स को देखते हुए दर्शकों के बीच इसकी मेकिंग जानने की उत्सुकता पहले से ही बनी हुई है।
पहले भी सामने आ चुकी है डॉक्यूमेंट्री की खबरइससे पहले अप्रैल में आई कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि फिल्म की शूटिंग के दौरान रिकॉर्ड किए गए बिहाइंड द सीन्स फुटेज और कलाकारों के इंटरव्यू को मिलाकर एक बड़ी फीचर डॉक्यूमेंट्री तैयार की जा रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह डॉक्यूमेंट्री 2026 के आखिर तक सिनेमाघरों में रिलीज की जा सकती है और बाद में इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी लाने की योजना है। हालांकि मेकर्स की तरफ से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन अब हालिया बयान के बाद इन खबरों को और बल मिल गया है।
रणवीर सिंह की फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया था तहलकाबता दें कि ‘धुरंधर’ दिसंबर 2025 में रिलीज हुई थी, जबकि ‘धुरंधर 2’ इसी साल मार्च में सिनेमाघरों में आई। दोनों फिल्मों को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला और इन्होंने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई की।
फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर माधवन और सारा अर्जुन जैसे कई बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए। कहानी जसकीरत सिंह रंगी उर्फ हमजा अली मजारी के मिशन पर आधारित है, जिसे पाकिस्तान के लियारी इलाके में आतंकवादी नेटवर्क को खत्म करने के लिए भेजा जाता है।
दमदार कहानी, हाई-वोल्टेज एक्शन और शानदार स्टारकास्ट की वजह से यह फ्रेंचाइजी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय बन चुकी है। अब फैंस की नजरें मेकर्स के उस ‘बड़े सरप्राइज’ पर टिकी हैं, जिसका इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है।