Dhurandhar 2 Teaser Out: हमजा का खौफनाक अंदाज़, रणवीर सिंह के उग्र रूप ने उड़ाए होश, दर्शक बोले—‘स्क्रीन फट जाएगी’

रणवीर सिंह की सुपरहिट फिल्म ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर जिस रफ्तार से रिकॉर्ड तोड़े, उसके बाद से ही दर्शक इसके सीक्वल का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अब यह इंतजार लगभग खत्म हो चुका है। फिल्म के निर्माताओं ने आखिरकार ‘धुरंधर 2’ का टीजर रिलीज कर दिया है, जिसने आते ही सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। इससे पहले निर्देशक आदित्य धर और फिल्म के कलाकार—रणवीर सिंह, आर. माधवन, सारा अर्जुन समेत अन्य सितारों ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर टीजर की झलक दी थी। अब जैसे ही पूरा टीजर सामने आया, फैंस का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया।

धुरंधर 2 का टीजर: हर फ्रेम में दहशत

टीजर रिलीज होते ही दर्शक उस पर टूट पड़े हैं। मेकर्स ने इसे सिर्फ हिंदी तक सीमित नहीं रखा, बल्कि तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में भी जारी किया है। फिल्म को ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचाने के लिए यह साफ कर दिया गया है कि ‘धुरंधर 2’ कई भाषाओं में सिनेमाघरों में दस्तक देगी। टीजर की शुरुआत ही रोंगटे खड़े कर देने वाली है—अंधेरा, गोलियों की आवाजें और रणवीर सिंह का खौफनाक अंदाज। पहले ही सीन से साफ हो जाता है कि इस बार कहानी और भी ज्यादा उग्र होने वाली है।

“ये नया हिंदुस्तान है”—रणवीर का खतरनाक ऐलान

करीब 1 मिनट 12 सेकेंड के इस टीजर में शब्दों की जगह एक्शन बोलता है। हर सीन में मारधाड़, धमाके और गनफायर का जबरदस्त असर देखने को मिलता है। पूरे टीजर में लगभग कोई संवाद नहीं है, लेकिन आखिरी पल में रणवीर सिंह का किरदार जो लाइन कहता है, वही सब कुछ बयां कर देती है—
“ये नया हिंदुस्तान है, ये घर में घुसेगा भी और मारेगा भी।”
यह डायलॉग सामने आते ही दर्शकों के बीच जोश और रोमांच की लहर दौड़ गई।

सोशल मीडिया पर फैंस का तूफानी रिएक्शन

टीजर पर यूजर्स जमकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। किसी ने लिखा— “ये टीजर नहीं, बम है… सब उड़ाकर रख दिया।”
एक अन्य यूजर ने कमेंट किया— “1.12 मिनट और ऐसा असर… उफ्फ, ये डायलॉग तो दिल में उतर गया।”
वहीं किसी ने इसे सिर्फ फिल्म नहीं बल्कि एक “मूवमेंट” करार देते हुए लिखा— “2000 करोड़ क्लब लोडिंग…”
कुल मिलाकर, दर्शकों की प्रतिक्रियाएं यह साफ कर रही हैं कि ‘धुरंधर 2’ को लेकर उम्मीदें बेहद ऊंची हैं।

बॉक्स ऑफिस पर होगी कड़ी टक्कर


‘धुरंधर’ और उसके सीक्वल ‘धुरंधर 2’ दोनों को ही ‘उरी’ फेम निर्देशक आदित्य धर ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म का निर्माण ज्योति देशपांडे, आदित्य धर और लोकेश धर ने जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज के बैनर तले किया है। बॉक्स ऑफिस की बात करें तो ‘धुरंधर 2’ को सीधी टक्कर मिलेगी यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ और आदिवी शेष–मृणाल ठाकुर की फिल्म ‘डकैत’ से। ऐसे में आने वाला वक्त इंडियन सिनेमा के लिए बेहद दिलचस्प होने वाला है।