फिल्म Dhurandhar 2 की रिलीज के साथ ही जहां एक ओर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं दूसरी तरफ इसके रिव्यू को लेकर विवाद भी तेज हो गया है। 19 मार्च को सिनेमाघरों में आई इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है, लेकिन कुछ आलोचनाएं भी सामने आ रही हैं, जिस पर अभिनेता परेश रावल ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
दरअसल, यह पहली बार नहीं है जब फिल्म के नेगेटिव रिव्यू पर परेश रावल भड़के हों। इससे पहले जब Dhurandhar रिलीज हुई थी, तब फिल्म क्रिटिक अनुपमा चोपड़ा के नकारात्मक रिव्यू पर भी उन्होंने नाराजगी जताई थी। अब एक बार फिर उन्होंने आलोचकों को लेकर सख्त रुख अपनाया है।
आरजे के पोस्ट पर भड़के परेश रावलविवाद की शुरुआत तब हुई जब आरजे सायमा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक रील शेयर की। इस वीडियो में दो युवक मजाकिया अंदाज में फिल्म का रिव्यू करते नजर आ रहे थे। इस पर सायमा ने कैप्शन लिखा, “हाहाहा… धुरंधर का सबसे अच्छा रिव्यू!”
यह पोस्ट परेश रावल को बिल्कुल पसंद नहीं आया और उन्होंने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए तीखा कमेंट कर दिया। उन्होंने लिखा, “बेवकूफ रिपोर्टर के तौर पर तुम्हारी नौकरी पक्की है। कोई इसे नहीं चाहता।” उनका यह जवाब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
आरजे सायमा ने भी दिया जवाबपरेश रावल के इस कमेंट पर आरजे सायमा ने भी पलटवार किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे रिपोर्टर नहीं हैं और साथ ही अभिनेता पर तंज कसते हुए लिखा, “पहले अपने तथ्यों को सही करो। मैं रिपोर्टर नहीं हूं। तुम सिर्फ एक अभिनेता हो, असल जिंदगी में अपनी कला से बहुत दूर।”
इस जवाब के बाद यह बहस और ज्यादा बढ़ गई और सोशल मीडिया पर दोनों के बीच की नोकझोंक चर्चा का विषय बन गई।
सोशल मीडिया पर यूजर्स की तीखी प्रतिक्रियाइस पूरे विवाद के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी दो हिस्सों में बंटते नजर आए। कुछ लोगों ने परेश रावल का समर्थन किया, तो वहीं कई यूजर्स ने उनके बयान की आलोचना भी की। एक यूजर ने लिखा कि “वो रिपोर्टर नहीं, आरजे हैं… और आप एक अभिनेता होकर भी ऐसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।” वहीं दूसरे यूजर ने लिखा कि सोशल मीडिया के जरिए लोगों को अपने पसंदीदा सितारों का असली चेहरा देखने को मिलता है।
बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार प्रदर्शनविवादों के बीच Dhurandhar 2 की कमाई पर कोई असर नहीं पड़ा है। फिल्म ने पहले ही दिन करीब 102.55 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया है। ट्रेड एनालिस्ट्स का मानना है कि वीकेंड और ईद की छुट्टियों का फायदा उठाते हुए यह फिल्म आने वाले दिनों में और भी बड़े आंकड़े छू सकती है।