‘रांझणा’ का लास्ट सीन AI से बदलने पर भड़के धनुष, सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी, लिखा-छीन ली फिल्म की आत्मा

साउथ इंडियन स्टार धनुष, सोनम कपूर, अभय देओल और स्वरा भास्कर जैसे सितारों से सजी फिल्म ‘रांझणा’ साल 2013 में रिलीज हुई थी। फिल्म फैंस को पसंद आई थी और इसे बॉक्स ऑफिस पर अच्छा रिस्पोंस मिला। यह मूवी 12 साल बाद एक बार फिर से चर्चाओं में है। दरअसल ‘रांझणा’ के तमिल संस्करण ‘अंबिकापति’ की रिलीज पर जमकर हंगामा मचा हुआ है। इसके क्लाइमैक्स को AI की मदद से बदल दिया गया है, जिसमें ‘कुंदन’ का किरदार मरता नहीं है, बल्कि अस्पताल में जिंदा हो जाता है। अब इस रोल को प्ले करने वाले धनुष ने इस बदले सीन पर आपत्ति जताई है।

धनुष ने अपने एक्स (ट्विटर) हैंडल के जरिए इस पर नाराजगी जताई है। धनुष ने लिखा, “AI से बदले हुए क्लाइमेक्स के साथ ‘रांझणा’ की री-रिलीज ने मुझे पूरी तरह से परेशान कर दिया है। इस वैकल्पिक एंडिंग ने फिल्म की आत्मा ही छीन ली है और इससे जुड़े लोगों ने मेरी स्पष्ट आपत्ति के बावजूद फिल्म रिलीज कर दी। यह वो फिल्म नहीं है जिसके लिए मैंने 12 साल पहले कमिटमेंट दी थी। फिल्मों या कंटेंट में बदलाव के लिए AI का इस्तेमाल कला और कलाकारों, दोनों के लिए बेहद चिंताजनक मिसाल है।

यह स्टोरीटेलिंग की अखंडता और सिनेमा की विरासत के लिए खतरा है। मुझे पूरी उम्मीद है कि भविष्य में ऐसी चीजों को रोकने के लिए कड़े कानून बनाए जाएंगे।” ‘रांझणा’ के ओरिजनल लास्ट सीन में जोया उर्फ सोनम, ‘कुंदन’ के बगल में बैठी होती हैं और उसके सिर पर अपना हाथ फेरती हैं। वहीं ‘कुंदन’ आईसीयू में अस्पताल के बेड पर होता है और उसकी सांसें थम जाती हैं। ‘कुंदन’ को किसी ने गोली मारी थी।
डायरेक्टर आनंद एल राय ने भी मेकर्स के खिलाफ व्यक्त किया था रोष

‘रांझणा’ के डायरेक्टर आनंद एल राय भी पहले ही इस क्लाइमैक्स के खिलाफ आवाज उठा चुके हैं। आनंद ने आरोप लगाया कि मेकर्स ने ये बड़ा बदलाव करने से पहले उन्हें बताना भी जरूरी नहीं समझा, पूछना तो दूर की बात है। आनंद ने लिखा था कि उनके लिए पिछले कुछ दिन काफी परेशान करने वाले थे, क्योंकि उनकी फिल्म 'रांझणा' का क्लाइमैक्स उनसे बिना पूछे, उनकी मर्जी के खिलाफ बदल दिया गया और बदले हुए क्लाइमैक्स के साथ इसे री-रिलीज किया गया।

ये किसी भी डायरेक्टर के लिए अपनी फिल्म को बर्बाद होते हुए देखने जैसा है। जो चीज इसे और खराब बनाती है, वो ये कि ये सब बहुत ही आराम से कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि 29 जुलाई को इरोस स्टूडियो ने री-रिलीज में एआई के इस्तेमाल का बचाव करते हुए एक बयान जारी किया और आनंद पर उनकी आने वाली फिल्म 'तेरे इश्क में' में ‘रांझणा’ इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी के अनधिकृत इस्तेमाल का आरोप लगाया। बता दें कि सोशल मीडिया पर ‘अंबिकापति’ के क्लाइमैक्स के कई वीडियो वायरल हो रहे हैं जिनमें दिख रहा है कि कैसे ‘कुंदन’ जिंदा हो जाता है।