प्रियंका चोपड़ा इन दिनों एस।एस राजामौली और महेश बाबू की फिल्म SSMB29 से चर्चा में हैं। हालांकि मेकर्स ने फिल्म SSMB29 में अभी प्रियंका के नाम का ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं किया है, लेकिन यह तय माना जा रहा है कि प्रियंका SSMB29 का अहम हिस्सा हैं। हाल ही में SSMB29 के शूट के लिए ओडिशा का नाम सामने आया था, जहां राजामौली और महेश बाबू फिल्म पर काम कर रहे हैं। अब प्रियंका चोपड़ा भी ओडिशा पहुंच गई हैं। प्रियंका चोपड़ा को ओडिशा हवाई अड्डे पर स्पॉट किया गया हैं, जहां प्रियंका ने एयरलाइंस क्रू के साथ फोटो क्लिक करवाई। कहा जा रहा है कि प्रियंका चोपड़ा यहां शूटिंग करने के लिए पहुंची हैं।
प्रियंका चोपड़ा एयरपोर्ट पर कूल लुक में नजर आईं। प्रियंका ने ब्लैक क्रॉप टॉप पर मैचिंग जैकेट और बैगी जींस पहनी है। प्रियंका ने अपने लुक को मैचिंग कैप और ब्लैक बूट्स से कंप्लीट किया है। बता दें, फिल्म SSMB29 में महेश बाबू के साथ-साथ पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम रोल में हैं। ओडिशा में फिल्म का दूसरा शेड्यूल हो रहा है, यहां SSMB29 की पूरी टीम तेजी से फिल्म की शूटिंग कर रही है।
प्रियंका चोपड़ा बीते महीने भारत अपने भाई सिद्धार्थ चोपड़ा की शादी में आई थीं। भाई की शादी अटैंड करने के बाद प्रियंका चोपड़ा वापस अपने ससुराल चली गई थीं। अभी प्रियंका को ससुराल गए एक महीना भी नहीं हुआ था कि वह एक बार फिर भारत लौट आई हैं। फिल्म की शूटिंग ओडिशा के कोरापुट में हो रही है। यहां से हाल ही में शूटिंग की कुछ फुटेज भी लीक हुई थी, जिसके बाद से सिक्योरिटी और भी टाइट कर दी गई है।
SSMB29 की शूटिंग अब थ्री-लेयर सिक्योरिटी के बीच हो रही है। SSMB29 की शूटिंग जनवरी 2025 में शुरू हुई थी। हैदराबाद में पहला शेड्यूल पूरा करने के बाद टीम ओडिशा में शूट कर रही है।