2 News : दीपिका की ‘किंग’ में एंट्री, ‘कल्कि’ के मेकर्स को दिया जवाब!, रजनीकांत को प्राइम वीडियो ने इसलिए दिया ट्रिब्यूट

एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण हमेशा लाइमलाइट में रहती हैं। दीपिका फिलहाल अपनी 1 साल की बेटी दुआ के साथ खुशी के पल बिता रही हैं। अब वह फिर से एक्टिंग की दुनिया में लौटने को तैयार हैं। हाल ही दीपिका को 'कल्कि 2898 एडी' के निर्माताओं से झटका लगा था। उन्होंने एक ट्वीट करके इस फिल्म के सीक्वल से दीपिका के बाहर होने की घोषणा की थी। बता दें साल 2024 में रिलीज हुआ इसका पहला पार्ट ब्लॉकबस्टर था और इसका दूसरा पार्ट अगले साल रिलीज होना है। गुरुवार को मेकर्स ने घोषणा की कि दीपिका को फिल्म से बाहर कर दिया गया है। इसके बाद से हर किसी को दीपिका की रिएक्शन का इंतजार था।

अब उन्हें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर की है, जिसे इस विवाद का जवाब माना जा रहा है। दीपिका ने शाहरुख खान का हाथ थामे अपनी एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर साझा की। इसमें उन्होंने शाहरुख से मिली पहली सीख को याद किया। इसके साथ ही दीपिका ने आधिकारिक तौर पर यह भी घोषणा की है कि उन्होंने ’किंग’ की शूटिंग शुरू कर दी है। दीपिका ने लिखा, “लगभग 18 साल पहले, ‘ओम शांति ओम’ की शूटिंग के दौरान, उन्होंने मुझे जो पहला सबक सिखाया था, वह यह था कि फिल्म बनाने का अनुभव और आप जिन लोगों के साथ इसे बनाते हैं, वे इसकी सफलता से कहीं ज्यादा मायने रखते हैं।

मैं इससे पूरी तरह सहमत हूं और तब से मैंने अपने हर फैसले में उस सीख को लागू किया है। और शायद यही वजह है कि हम साथ में अपनी छठी फिल्म बना रहे हैं?” इस पोस्ट को देखकर ऐसा लगता है कि उन्होंने ‘स्पिरिट’ के लिए संदीप रेड्डी वांगा और ‘कल्कि’ के लिए नाग अश्विन पर निशाना साधा है। कुछ दिनों पहले दीपिका ‘स्पिरिट’ से भी बाहर हो गई थी। तब रिपोर्टों में कहा गया था कि दीपिका ने संदीप के सामने 8 घंटे की शिफ्ट ड्यूटी सहित कुछ और मांगें भी रखी थीं, जिन पर सहमति नहीं बनी।

बात नहीं बनने पर संदीप ने एक पोस्ट शेयर कर इशारों-इशारों में दीपिका को घेरा भी था। इसके बाद शिफ्ट ड्यूटी को लेकर कई स्टार्स ने दीपिका का समर्थन किया था। बहरहाल ‘किंग की बात करें तो इसके डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद हैं जिसमें शाहरुख लीड रोल में हैं। साथ ही इसमें शाहरुख की बेटी सुहाना, दीपिका, अभिषेक बच्चन, रानी मुखर्जी, अभय वर्मा भी नजर आएंगे। बता दें दीपिका इस वक्त न सिर्फ ‘किंग’ में बिजी हैं, बल्कि वह साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के साथ एटली की अगली फिल्म ‘AA22xA6’ का भी हिस्सा हैं।
साउथ इंडियन सुपरस्टार रजनीकांत के फिल्म इंडस्ट्री में हुए 50 साल पूरे

साउथ इंडियन सुपरस्टार रजनीकांत ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अपने 50 साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके को और खास बनाने के लिए प्राइम वीडियो ने एक स्पेशल ट्रिब्यूट वीडियो जारी किया है। इसमें रजनीकांत की पूरी सिनेमाई यात्रा को बेहद खूबसूरती से दिखाया गया है। उनके आइकॉनिक स्टाइल, करिश्माई स्क्रीन प्रजेंस और दर्शकों से उनके गहरे जुड़ाव को खास अंदाज में पिरोया गया है।

वीडियो में ‘कुली’ के डायरेक्टर लोकेश कनगराज और म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर भी नजर आए, जिन्होंने अपनी भावनाएं साझा कीं। चेन्नई की सड़कें एक ‘लिविंग कैनवास’ के रूप में दिखीं। शहरभर में हाई-इम्पैक्ट बिलबोर्ड कैंपेन लॉन्च किया गया है, जिसमें रजनीकांत की मशहूर पंचलाइनों और डायलॉग्स को नए अंदाज में पेश किया गया। इन बिलबोर्ड्स ने पूरे शहर को एक जश्नगाह में बदल दिया है, जहां हर गली और चौक में रजनीकांत की विरासत और शानदार करिअर की गूंज सुनाई देती है।

बता दें रजनीकांत की हाल ही सिनेमाघरों में रिलीज हुई मूवी ‘कुली’ ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाते हुए तगड़ी कमाई की। यह फिल्म अब प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रही है। यह तमिल भाषा में उपलब्ध है, साथ ही इसका डब्ड वर्जन तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में भी देखा जा सकता है। फिल्म एक दमदार एक्शन थ्रिलर है। रजनीकांत ने साल 1975 में ‘अपूर्व रागंगल’ से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। उनके खाते में ‘बाशा’, ‘शिवाजी’, ‘एंथिरन’ और ‘जेलर’ फिल्में शामिल हैं। रजनीकांत ने बॉलीवुड में भी ‘अंधा कानून’, ‘हम’, ‘चालबाज’, ‘फूल बने अंगारे’ सहित कई लोकप्रिय फिल्मों में काम किया।