2 News : रणवीर ने इस स्टाइल में किया दीपिका को बर्थडे विश, बाबिल ने पिता को बर्थ एनिवर्सरी पर किया याद

एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण ने दो दिन पहले 5 जनवरी को अपना 38वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर दीपिका को चाहने वालों और फैंस ने जमकर बधाइयां और शुभकामनाएं दीं। उनके पति व एक्टर रणवीर सिंह ने खास अंदाज में दीपिका को विश किया था। अब दीपिका ने आज रविवार (7 जनवरी) को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर रणवीर द्वारा लाए गए बर्थडे केक की एक मनमोहक झलक शेयर की। तस्वीर में चॉकलेट-फ्लेवर वाला केक दिख रहा है, जिस पर 'हैप्पी बर्थडे बेबी' लिखा हुआ है।

केक पर 'DP' लिखी गई मोमबत्तियां सजी हुई भी नजर आ रही हैं। दीपिका ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “जन्मदिन के प्यार के लिए आप सभी को धन्यवाद!” बता दें कि दीपिका ने ताज कोलाबा में रणवीर के साथ अपना जन्मदिन मनाया था। इस कपल को 5 जनवरी को देर रात कोलाबा के बाहर स्पॉट किया गया था। दोनों ब्लैक आउटफिट के साथ ट्यूनिंग करते दिखे थे। उल्लेखनीय है कि दीपिका और रणवीर में हमेशा मजबूत बोंडिंग देखने को मिलती है। दोनों जब भी मौका मिलता है, एक-दूसरे की तारीफ किए बगैर नहीं रह पाते।

वे सोशल मीडिया के माध्यम से भी अपने प्यार का इजहार करते रहते हैं। दोनों की शादी को 5 साल हो चुके हैं और फैंस को उनसे खुशखबरी का इंतजार है। दीपिका के वर्कफ्रंट की बात करें, तो उनकी अगली फिल्म फाइटर है, जिसके डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद है। इसमें दीपिका के साथ ऋतिक रोशन और अनिल कपूर भी हैं। फिल्म 25 जनवरी को रिलीज होगी। इसके अलावा दीपिका डायरेक्टर रोहित शेट्टी की ‘सिंघम 3’ और नाग अश्विन की ‘कल्कि 2898 एडी’ में भी नजर आएंगी।

बाबिल के पिता इरफान खान का साल 2020 में हो गया था निधन

बेमिसाल अदाकारी के लिए मशहूर एक्टर इरफान खान ने 29 अप्रैल 2020 के दिन दुनिया को अलविदा कह दिया था। उनका निधन लंबी बीमारी न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर के चलते हुआ था। उन्होंने आखिरी सांसें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में ली थीं। फैंस को आज तक उनसे बिछड़ने का दुख है। आज रविवार (7 जनवरी) को इरफान की 57वीं बर्थ एनिवर्सरी है।

उनके बेटे एक्टर बाबिल खान ने इस मौके पर पिता को याद करते हुए उनकी अनदेखी तस्वीर फैंस के साथ शेयर की है। बाबिल ने इंस्टाग्राम हैंडल पर फोटो अपलोड की है। इसमें इरफान अपने दोस्त को केक खिलाते हुए दिख रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि ये उनकी किसी फिल्म की शूटिंग की है। बाबिल ने फैंस को बताया कि ‘एक ऐसे व्यक्ति का जश्न मनाना...जो हमेशा अपना जन्मदिन भूल जाता थे..’ बाबिल की इस पोस्ट पर फैंस बेशुमार प्यार लुटा रहे हैं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो इरफान को आखिरी बार फिल्म ‘अंग्रेजी मीडियम’ में करीना कपूर और राधिका मदान के साथ देखा गया था। दूसरी ओर, बाबिल भी इरफान की जैसे एक्टिंग में डेब्यू कर चुके हैं। उन्होंने नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई फिल्म ‘कला’ से एक्टिंग करिअर शुरू किया था। फिल्म में उनके साथ तृप्ति डिमरी थीं।