सोनम कपूर और शाहरुख खान की मेजबानी से अभिभूत हुए डेविड बेकहम, दोनों को इस अंदाज में बोला थैंक्स

दुनियाभर में चर्चित इंग्लैंड के दिग्गज फुटबॉलर रह चुके डेविड बेकहम इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। बेकहम हाल ही में भारत आए थे। उन्होंने इस दौरान मुंबई में भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे विश्व कप का वानखेड़े स्टेडियम में जाकर मजा लिया। तब उन्होंने मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के साथ वहां मौजूद कुछ बॉलीवुड सितारों से भी मुलाकात की।

मैच वाले दिन यानी 15 नवंबर को बेकहम ने रात में सोनम कपूर और उनके पति आनंद आहूजा के घर आयोजित पार्टी में शिरकत की। वहां अनिल कपूर, अर्जुन कपूर, हर्षवर्धन कपूर, मलाइका अरोड़ा, संजय कपूर व उनकी पत्नी महीप कपूर सहित कुछ और सितारे भी नजर आए। इसके अगले दिन 16 नवंबर की रात शाहरुख खान ने अपने घर मन्नत में बेकहम की मेजबानी की।

सोनम और शाहरुख के घर पर मिले प्यार से अभिभूत बेकहम ने दोनों फिल्म स्टार्स को धन्यवाद दिया है। बेकहम ने अपने इंस्टाग्राम पर शाहरुख को लेकर पोस्ट शेयर की। उन्होंने मन्नत में शाहरुख से मुलाकात की तस्वीर शेयर की है। बेकहम ने लिखा, “इस महान व्यक्ति के घर में स्वागत से सम्मानित फील कर रहा हूं।

शाहरुख खान, गौरी खान, उनके सुंदर बच्चे और करीबी दोस्तों के साथ खाने का आनंद लेना, भारत की मेरी पहली यात्रा को समाप्त करने का क्या स्पेशल तरीका है। थैंक्यू मेरे दोस्त। आपका और आपके परिवार का मेरे घर में किसी भी समय स्वागत है।
सोनम की पार्टी की भी फोटो इंस्टाग्राम पर शेयर कर बेकहम ने लिखा...

बेकहम ने इसके साथ ही सोनम की पार्टी की भी एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर कर उनके प्रति भी आभार जताया है। उन्होंने लिखा-“सोनम कपूर और आनंद आहूजा आपने इस सप्ताह इतने वॉर्म और काइंडनेस के साथ मेजबानी की, अपने घर पर अमेजिंग शाम के लिए थैंक्यू। जल्द ही फिर मिलेंगे।”

बेकहम की इस पोस्ट पर सोनम ने कमेंट करते हुए लिखा-“आप बहुत सज्जन और जेंटलमैन हैं। साथ ही आनंद ने लिखा- “डेविड आप और आपकी टीम सबसे रस्पेक्टफुल और विचारशील मेहमान है।” उल्लेखनीय है कि दोनों पार्टियों से कई फोटो और वीडियो वायरल हुए थे।

बता दें कि बेकहम मैनचेस्टर यूनाइटेड और रियल मैड्रिड जैसे फेमस फुटबॉल क्लब के लिए खेल चुके हैं। इसके अलावा वे एक फैशन आइकन और मॉडल भी हैं। वे यूनिसेफ के एंबेसडर भी रह चुके हैं। उन्होंने स्पाइस गर्ल से फैशन डिजाइनर बनीं विक्टोरिया बेकहम से शादी की है।