Crazy Box Office: ‘छावा’ का दबदबा कायम, तुम्बाड एक्टर की फिल्म ‘क्रेजी’ की राह मुश्किल, 6 दिनों में कमाए सिर्फ 5.96 करोड़

जैसे ही ‘छावा’ बॉक्स ऑफिस पर आई, इसने कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया। ‘लवयापा’ से लेकर ‘बैडएस रविकुमार’ तक, कई ऐसी फिल्में थीं, जिन्होंने अच्छी ओपनिंग की थी, लेकिन जैसे ही विक्की कौशल की ‘छावा’ ने बॉक्स ऑफिस पर कदम रखा, बाकी फिल्में धीरे-धीरे सिनेमाघरों से गायब होती चली गईं। हालांकि, कुछ फिल्ममेकर्स ऐसे भी थे, जिन्होंने ‘छावा’ की जबरदस्त कमाई के बावजूद अपनी फिल्मों की रिलीज टालने के बजाय दर्शकों के प्यार पर भरोसा किया।

इन्हीं में से एक है थ्रिलर फिल्म ‘क्रेजी’, जिसे ‘तुम्बाड’ फेम एक्टर सोहम शाह ने प्रोड्यूस किया है और निर्देशन की कमान गिरीश कोहली ने संभाली है, जो इससे पहले ‘मॉम’ (श्रीदेवी) और ‘केसरी’ (अक्षय कुमार) जैसी शानदार फिल्मों की कहानी लिख चुके हैं। ‘छावा’ की रिलीज के करीब दो हफ्ते बाद सिनेमाघरों में आई ‘क्रेजी’ की बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत शानदार रही थी। अब फिल्म को रिलीज हुए 6 दिन हो चुके हैं, तो आइए जानते हैं इसका बॉक्स ऑफिस सफर कैसा रहा।

छठे दिन बदला पूरा समीकरण!


शुरुआत में ऐसा लग रहा था कि ‘क्रेजी’ बॉक्स ऑफिस पर भले ही ‘छावा’ को पीछे न छोड़ पाए, लेकिन इसका कलेक्शन जरूर प्रभावित कर सकती है। हालांकि, अब ऐसा होता नजर नहीं आ रहा है। फिल्म की ओपनिंग दमदार रही थी, लेकिन छठे दिन आते-आते बॉक्स ऑफिस पर पूरा गणित ही बदल गया।

Sacnilk.com की रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोहम शाह और टीनू आनंद स्टारर इस फिल्म ने छठे दिन (बुधवार) को सिर्फ ₹76 लाख की कमाई की। शुरुआती तीन दिनों में ‘क्रेजी’ ने करोड़ों में कमाई की थी, लेकिन वर्किंग डेज शुरू होते ही फिल्म की कमाई में भारी गिरावट आ गई। जहां ‘तुम्बाड’ ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता का झंडा गाड़ा था, वहीं ‘क्रेजी’ अभी तक भारतीय बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ ₹5.96 करोड़ और वर्ल्डवाइड ₹6.2 करोड़ का ही कलेक्शन कर पाई है।
हिट होने के लिए कमाने होंगे 30 करोड़!

‘क्रेजी’ का बजट ₹20 करोड़ है और अगर फिल्म को हिट का तमगा पाना है, तो इसे कम से कम ₹30 करोड़ की कमाई करनी होगी। फिलहाल, बॉक्स ऑफिस पर ‘छावा’ का दबदबा कायम है और ‘क्रेजी’ के लिए आगे की राह मुश्किल होती दिख रही है।