'वेलकम टू द जंगल' की रिलीज के बावजूद कायम रही 'कॉकटेल 2' की रफ्तार, आठवें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर दिखाया दम

26 जून को सिनेमाघरों में अक्षय कुमार की मल्टीस्टारर फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' रिलीज हुई, जिसे लेकर लंबे समय से दर्शकों के बीच उत्सुकता बनी हुई थी। करीब 34 कलाकारों से सजी इस फिल्म ने रिलीज के साथ बॉक्स ऑफिस पर एंट्री तो कर ली, लेकिन शुरुआती दौर में इसे सोशल मीडिया और फिल्म समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। इसी बीच शाहिद कपूर, रश्मिका मंदाना और कृति सेनन अभिनीत 'कॉकटेल 2' ने नए मुकाबले के बावजूद अपनी पकड़ बनाए रखी है। फिल्म ने रिलीज के आठ दिनों में भारत में 75 करोड़ रुपये के करीब नेट कलेक्शन कर लिया है, जबकि दुनियाभर में इसकी कमाई 114 करोड़ रुपये से आगे पहुंच चुकी है। हालांकि फिल्म अभी भी अपने 135 करोड़ रुपये के बजट की भरपाई से कुछ दूरी पर है, लेकिन नई रिलीज के दबाव के बावजूद इसकी कमाई संतोषजनक बनी हुई है।

आठवें दिन भी मजबूत रहा 'कॉकटेल 2' का प्रदर्शन

बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के आठवें दिन यानी शुक्रवार को भारत में लगभग 4.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। वहीं, ग्रॉस कलेक्शन करीब 5.10 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। यह कमाई देशभर में करीब 5,965 शोज के जरिए हासिल हुई।

इसके साथ ही फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन बढ़कर 74.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं भारत में ग्रॉस कमाई 89.17 करोड़ रुपये रही, जबकि विदेशी बाजारों से फिल्म ने 25.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस तरह 'कॉकटेल 2' का कुल वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन लगभग 114.67 करोड़ रुपये हो गया है।

पहले सप्ताह में शानदार रही कमाई

सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन 13.50 करोड़ रुपये का नेट और 16.20 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था। दूसरे दिन इसकी कमाई बढ़कर 16.25 करोड़ रुपये नेट और 19.50 करोड़ रुपये ग्रॉस रही। तीसरे दिन फिल्म ने सबसे मजबूत प्रदर्शन करते हुए 17.75 करोड़ रुपये नेट और 21.30 करोड़ रुपये ग्रॉस का कारोबार किया।

वर्किंग डेज़ में कलेक्शन में स्वाभाविक गिरावट देखने को मिली। चौथे दिन फिल्म ने 6.75 करोड़ रुपये नेट और 8.03 करोड़ रुपये ग्रॉस कमाए। पांचवें दिन भी नेट कलेक्शन 6.75 करोड़ रुपये रहा, जबकि ग्रॉस कमाई 7.83 करोड़ रुपये दर्ज की गई। छठे दिन फिल्म ने 5.25 करोड़ रुपये नेट और 6.20 करोड़ रुपये ग्रॉस का कारोबार किया। सातवें दिन इसकी कमाई 4.25 करोड़ रुपये नेट और 5.02 करोड़ रुपये ग्रॉस रही। अब आठवें दिन भी लगभग इसी स्तर का प्रदर्शन करते हुए फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बरकरार रखी है।
'वेलकम टू द जंगल' की रही अच्छी शुरुआत

उधर, 26 जून को रिलीज हुई 'वेलकम टू द जंगल', जो लोकप्रिय 'वेलकम' फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म है, उसने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत दर्ज की। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने भारत में 18.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 22.50 करोड़ रुपये रहा। वहीं, पहले दिन दुनियाभर में फिल्म की कुल कमाई लगभग 29 करोड़ रुपये दर्ज की गई।

अब आने वाले सप्ताहांत में दोनों फिल्मों के बीच बॉक्स ऑफिस मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है। जहां 'वेलकम टू द जंगल' अपनी शुरुआती बढ़त को बरकरार रखने की कोशिश करेगी, वहीं 'कॉकटेल 2' सकारात्मक दर्शक प्रतिक्रिया के दम पर लंबी रेस में बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद लगाए हुए है।