कुछ दिनों पहले ‘बिग बॉस ओटीटी 2’ के विजेता यूट्यूबर एल्विश यादव ने अपने पॉडकास्ट के दौरान ‘बिग बॉस 18’ की कंटेस्टेंट एक्ट्रेस चुम दरांग के खिलाफ नस्लभेदी टिप्पणी की थी। इसके बाद एल्विश को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। वायरल हुए वीडियो में BB 18 में हिस्सा लेने वाले रजत दलाल भी नजर आए थे। अब चुम ने इस वीडियो पर रिएक्शन दी है। चुम ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक लंबा नोट लिखा, जिसमें एल्विश की टिप्पणियों की निंदा की गई।
उन्होंने लिखा, “किसी की पहचान और नाम का अनादर करना 'मजेदार' नहीं है। किसी की उपलब्धियों का मजाक उड़ाना 'मजाक' नहीं है। अब समय आ गया है कि हम हास्य और नफरत के बीच की रेखा खींचें। इससे भी ज्यादा निराशाजनक बात यह है कि यह सिर्फ मेरी जातीयता के बारे में नहीं था। मेरी कड़ी मेहनत और संजय लीला भंसाली जैसे दूरदर्शी द्वारा समर्थित फिल्म का भी अनादर किया गया। मेरे साथी पूर्वोत्तरवासियों और नस्लवाद का सामना करने वाले सभी लोगों के लिए, मैं आपको देखती हूं, सुनती हूं और आपके साथ खड़ी हूं।
हम सभी सम्मान, गरिमा और समानता के हकदार हैं। आइए नस्लवाद के खिलाफ अपनी आवाज उठाएं और सहानुभूति, दयालुता और समझ की संस्कृति को बढ़ावा दें।” उल्लेखनीय है कि रजत के साथ पॉडकास्ट के दौरान एल्विश ने चुम का मजाक उड़ाया था। एल्विश ने कहा था कि करणवीर को पक्का कोविड था क्योंकि चुम किसको पसंद आती है भाई, इतना स्वाद किसका खराब होता है! और चुम के तो नाम में ही अश्लीलता है…नाम चुम और काम गंगूबाई काठियावाड़ी में किया है। बता दें चुम ने राजकुमार राव और भूमि पेडनेकर की फिल्म 'बधाई दो' में अहम किरदार निभाया था। वह अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट की रहने वाली हैं।
विक्की कौशल और रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘छावा’ इस दिन होगी रिलीजएक्टर विक्की कौशल और रश्मिका मंदाना की फिल्म 'छावा' 14 फरवरी को थिएटर में रिलीज होने वाली है। इसमें विक्की छत्रपति संभाजी महाराज के रोल में नजर आएंगे। इस फिल्म को लेकर लेटेस्ट अपडेट ये है कि सेंसर बोर्ड ने इसमें 3 कट्स और 7 बदलाव कर यूए सर्टिफिकेट दिया है। यह फिल्म 2 घंटा और 42 मिनट की है। इसे वैलेंटाइन डे के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। सेंसर बोर्ड ने दर्शकों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले शब्दों को बदलने और इतिहास को नीचा दिखाने वाले सीन को हटाने को कहा है।
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार फिल्म को CBFC ने यू/ए 16+ का सर्टिफिकेट दिया है। बोर्ड ने मराठा योद्धाओं को साड़ी पहने दिखाने वाले सीन को हटा दिया है। इसके अलावा बोर्ड ने 'मुगल सल्तनत का जहर' डायलॉग को 'उस समय, कई शासक और सल्तनत खुद को जिंदा रखने की कोशिश कर रहे थे' से बदलवा दिया है। एक और डायलॉग 'खून तो आखिर मुगलों का ही है' को बदलकर 'खून तो है औरंग का ही' करा दिया गया है। कुछ शब्दों को म्यूट करा दिया गया है और ‘आमीन’ को ‘जय भवानी’ में बदल दिया गया है। फिल्म का डायरेक्शन लक्ष्मण उतेकर ने किया है। फिल्म में अक्षय खन्ना भी लीड रोल में नजर आएंगे।