2 News : इस मशहूर एक्टर की बिल्डिंग से गिरकर हुई मौत, इन्होंने की कुछ कंटेस्टेंट्स को BB 19 से बाहर निकालने की अपील

मनोरंजन जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। चीन के मशहूर सिंगर, एक्टर और मॉडल यू मेंगलोंग ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। वे 37 साल के थे। मेंगलोंग के निधन की जानकारी कोरियाबू ने एक्टर की एजेंसी के हवाले से दी है। एजेंसी ने वीबो पर मेंगलोंग की मौत की खबर कंफर्म की है। उन्होंने बताया कि मेंगलोंग की गुरुवार (11 सितंबर) को बीजिंग में एक बिल्डिंग से गिरकर मौत हो गई। चीनी मीडिया के अनुसार उनकी टीम ने एक बयान में कहा कि मेंगलोंग की मौत की जांच कर रही पुलिस ने किसी भी तरह की आपराधिक घटना की संभावना से इनकार कर दिया है।

मेंगलोंग की एजेंसी ने अपने बयान में कहा कि हमें बेहद दुख के साथ बताना पड़ रहा है कि हमारे प्यारे मेंगलोंग की 11 सितंबर को बिल्डिंग से गिरकर मौत हो गई है। इस मामले में पुलिस ने किसी भी आपराधिक घटना की संभावना से इनकार किया है। हम आशा करते हैं कि उनकी आत्मा को शांति मिले। एजेंसी के बयान से पहले एक पैपराजी ने मेंगलोंग की मौत की खबर को लेकर एक पोस्ट शेयर की थी, जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया। इस पोस्ट में पैपराजी ने बताया कि उन्हें खबर मिली है कि ‘इटर्नल लव’ और ‘गो प्रिंसेस गो’ के लीड एक्टर मेंगलोंग का बीजिंग में निधन हो गया है।

उनकी मौत एक बिल्डिंग से गिरने की वजह से हुई है। पैपराजी ने आगे एक सूत्र का हवाला देते हुए बताया कि 9 सितंबर को मेंगलोंग अपने 5-6 अच्छे दोस्तों के साथ एक दोस्त के घर खाना खा रहे थे। वहीं 11 सितंबर को करीब 2 बजे मेंगलोंग सोने के लिए बेडरूम में गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। लेकिन जब सुबह 6 बजे उनके दोस्त जा रहे थे, तो उन्होंने एक्टर को रूम में नहीं देखा। कुछ देर बाद जब वे नीचे पहुंचे तो उन्हें वहां उनका शव मिला। गौरतलब है कि मेंगलोंग का जन्म 15 जून 1988 को हुआ था।

उन्होंने अपने करिअर की शुरुआत साल 2007 में रियलिटी शो 'माई शो, माई स्टाइल' से की थी। इसके बाद वे साल 2011 में आई शॉर्ट फिल्म 'द लिटिल प्रिंस' में नजर आए। मेंगलोंग ने कई धारावाहिकों में भी काम किया, जिनमें 'गो प्रिंसेस गो', 'लव गेम इन ईस्टर्न फैंटेसी', 'फ्यूड' और 'इटरनल लव' शामिल हैं। उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान 'इटरनल लव' से मिली।
शहनाज के भाई शहबाज ने कहा, हम 6 लोग इस घर में सबसे फिट हैं…

कलर्स टीवी का रियलिटी शो ‘बिग बॉस 19’ इन दिनों दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रहा है। शो 24 अगस्त से शुरू हुआ था और तब से ही घर के अंदर कई ड्रामे हो रहे हैं। अब शो का एक नया प्रोमो रिलीज हुआ है, जिसमें कंटेस्टेंट शहबाज बदेशा ‘बिग बॉस’ से एक खास अपील कर रहे हैं। इसमें वह कुछ प्रतियोगियों को घर से बाहर निकालने के लिए कहते दिख रहे हैं। वीडियो में शहबाज ने कहा, “कुछ को छोड़कार बाकी कंटेस्टेंटस को निकाल दो, क्योंकि वो शो में कुछ नहीं करते। सिर्फ खा-पीके सो जाते हैं।

हम 6 लोग इस घर में सबसे फिट हैं, हमसे आप कोई भी टास्क करा लो, क्योंकि हम लोग बहुत पावरफुल हैं। हमारे पास लेखक हैं, परफॉर्मर हैं, हमारे पास डांसर हैं, खाना बनाने वाले हैं। साथ ही हमारे पास बहुत बड़े एक्टर हैं, तो हमको किसी की जरूरत नहीं है। इतना बड़ा कंटेट देने वाले यही हैं, तो आपको अंदर लोगों की क्या जरूरत।” बता दें पूर्व में बिग बॉस की फेवरेट कंटेस्टेंट में से एक रह चुकीं शहनाज गिल के भाई शहबाज की पिछले हफ्ते ‘वीकेंड का वॉर’ के दौरान शो में एंट्री हुई थी।

इस एपिसोड में शहनाज भी नजर आईं और उन्होंने अपने भाई के बारे में बताया कि प्रीमियर एपिसोड के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शहबाज को डेंगू हो गया था। ‘बिग बॉस’ के तीसरे हफ्ते की शुरुआत से ही घर में माहौल गरमाया हुआ है। हर टास्क के साथ स्ट्रेटेजी बदल रही है और कंटेस्टेंट्स की असल पर्सनलिटी सामने आ रही है।