डायरेक्टर एसएस राजामौली की 'बाहुबली' भारतीय सिनेमा की सबसे सफल फिल्मों में से एक मानी जाती है। फिल्म में प्रभास, राणा दग्गुबाती, अनुष्का शेट्टी, तमन्ना भाटिया और राम्या कृष्णन जैसे कलाकार थे। इसके दो पार्ट बन चुके हैं। बाहुबली : द बिगिनिंग साल 2015 और बाहुबली : द कनक्लूजन साल 2017 में रिलीज हुई थी। राजामौली इस फिल्म में फिल्ममेकर बोनी कपूर की दिवंगत पत्नी दिग्गज एक्ट्रेस श्रीदेवी को भी लेना चाहते थे, लेकिन उन्होंने फिल्म का हिस्सा बनने से मना कर दिया। कहा गया कि श्रीदेवी ने अपने लिए होटल का एक पूरा फ्लोर, 10 करोड़ रुपए फीस और 10 फ्लाइट टिकट्स की डिमांड की थी, जिसके चलते मेकर्स के साथ उनकी बात नहीं बन पाई।
अब बोनी (69) ने हकीकत बताई है। बोनी ने ‘गेम चेंजर्स’ यूट्यूब चैनल पर श्रीदेवी के बारे में बात की। बोनी ने कहा कि राजामौली के साथ फिल्म (बाहुबली) तो नहीं बन पाई मगर मेरे पास अभी भी उनका मैसेज है जिसमें उन्होंने लिखा था कि वे श्रीदेवी के प्रशंसक थे और उनसे बात करने के बाद उनके मन में उनके लिए सम्मान कई गुना बढ़ गया। निर्माताओं द्वारा फैलाई गई उलझन के कारण उन्होंने फिल्म नहीं की। राजामौली हमारे घर आए थे, लेकिन जब वे कमरे से बाहर निकले, तो निर्माताओं ने उन्हें ‘इंग्लिश विंग्लिश’ (2012) के लिए मिली फीस से भी कम ऑफर किया।
श्रीदेवी कोई स्ट्रगलिंग अभिनेत्री नहीं थीं, हिंदी और तमिल में तो आपको उनसे फायदा ही मिल रहा है। मैं अपनी पत्नी से ऐसा क्यों करवाना चाहूंगा? निर्माताओं ने राजामौली से कहा कि हमने होटल के एक पूरे फ्लोर और एक पूरी टीम की डिमांड की है, जबकि हमने बस यही कहा था कि हम चाहते हैं कि ज्यादातर शूटिंग हमारे बच्चों की छुट्टियों के साथ अलाइन हो। लेकिन राजामौली को गलत बातें बताई गईं। शोबू नाम के इस व्यक्ति ने शायद पैसे बचाने के लिए कन्फ्यूजन पैदा किया हो। यह कहना कि वह अनप्रोफेशनल थीं, गलत है। राकेश रोशन, यश चोपड़ा और राघवेंद्र राव जैसे दिग्गजों ने श्रीदेवी के साथ बार-बार काम किया है। अगर वह अनप्रोफेशनल होतीं, तो वे उनके साथ क्यों काम करते?
बोनी कपूर ने कहा, अगर जान्हवी शूटिंग के सिलसिले में ट्रेवल कर रही होती हैं…बता दें श्रीदेवी 80 के दशक की टॉप एक्ट्रेस में शुमार की जाती हैं। श्रीदेवी ने इंडस्ट्री को एक के बाद एक कई सुपरहिट फिल्में दीं। अपने दम पर फिल्में चलाने की काबिलियत के दम पर उन्हें ‘लेडी अमिताभ’ का टैग भी मिल गया था। श्रीदेवी ने समकालीन सभी दिग्गज हीरो के साथ काम किया, लेकिन उनकी जोड़ी सबसे ज्यादा अमिताभ बच्चन, जीतेंद्र और अनिल कपूर के साथ जमी। श्रीदेवी का 54 साल की उम्र में फरवरी 2018 में दुबई में निधन हो गया था।
इसी दौरान बोनी ने अपनी बेटी जान्हवी कपूर के बारे में भी बात की और खुलासा किया कि वह कभी प्रोड्यूसर्स पर शूटिंग के दौरान अपने खर्चों का भार नहीं डालतीं। बोनी ने कहा कि अगर जान्हवी शूटिंग के सिलसिले में ट्रेवल कर रही होती हैं, तो वह अपने टिकट खुद खरीदती हैं। अगर उसके कर्मचारी या रिश्तेदार उनके साथ ट्रेवल करते हैं, तो मैंने उनके टिकट और कमरों का खर्च खुद उठाया है। उल्लेखनीय है कि जान्हवी ने साल 2018 में ‘धड़क’ फिल्म के साथ बॉलीवुड में एंट्री की थी।