2 News : बोनी कपूर ने शेयर की संघर्ष भरे दिनों की बातें, आलिया भट्ट ने इस फिल्म के लिए दी जान्हवी को बधाई

मशहूर फिल्ममेकर बोनी कपूर के खाते में कई सुपरहिट फिल्में हैं। हालांकि ऐसा नहीं है कि उनके पास बचपन से ही सारी सुविधाएं थीं। उन्होंने अपने परिवार के साथ काफी संघर्ष किया है। बोनी ने एक इंटरव्यू में बताया कि शुरुआती दिनों में उनका परिवार आर्थिक तंगी और मुश्किलों से गुजर रहा था। उन्होंने पिता की दिल छू लेने वाली दास्तां सुनाई। बोनी ने 'गलट्टा प्लस' के साथ बातचीत में कहा कि पापा (सुरिंदर कपूर) ने जिंदगी में काफी संघर्ष किया।

उन्हें कर्मचारियों के अधिकारों की वकालत करने की वजह से 10 बार नौकरी से हाथ धोना पड़ा। उन्हें इसी वजह से मुंबई आना पड़ा था। पृथ्वीराज कपूर पापा को मुंबई लेकर आए थे। मेरे दादा ने पापा को पृथ्वीराज कपूर के सुपुर्द कर दिया, क्योंकि वे 10-12 नौकरी छोड़ चुके थे। उन्हें इसलिए निकाला गया, क्योंकि वे कामगारों के हक की बात करते थे। जब हमारी दादी का निधन हो गया, तो अनिल ने एक्टिंग को करिअर बनाने का फैसला किया और मैंने प्रोडक्शन।

किसी न किसी को तो शो जारी रखना था। पापा दिल की समस्या से पीड़ित थे। हम उन्हें तकलीफ नहीं देना चाहते थे। पापा शादी के बाद राज कपूर के गेस्ट हाउस में रहे थे, जो खास तौर पर नौकरों और ड्राइवरों के लिए बने होते हैं। पापा की एक फिल्म का डायरेक्टर प्रोडक्शन के दौरान चल बसा। इस घटना के बाद उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ती चली गई, जिससे उन पर काफी कर्ज चढ़ गया।
'मिस्टर एंड मिसेज माही' का पोस्टर शेयर कर आलिया ने लिखा...

एक्ट्रेस आलिया भट्ट ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर जान्हवी कपूर और राजकुमार राव की फिल्म 'मिस्टर एंड मिसेज माही' का पोस्टर शेयर किया। आलिया ने कैप्शन में लिखा, “देखने के लिए इंतजार नहीं कर सकती शैरी।“ उन्होंने जान्हवी और राजकुमार समेत पूरी टीम को बधाई दी। बता दें कि हाल ही में मेकर्स ने कैरेक्टर्स का इंट्रोडक्शन देते हुए पोस्टर शेयर किया था। इसमें राजकुमार और जान्हवी स्टेडियम में खड़े दिखे।

उन्होंने टीम इंडिया की जैसे ब्लू जर्सी पहनी हुई थी। इस पर 7 नंबर लिखा हुआ था, जो कि महेंद्र सिंह धोनी की जर्सी का नंबर है। पोस्टर पर लिखा था, “आपको हमेशा अपने माता-पिता के सपने को जीने की जरूरत नहीं है, अपना सपना जियो...” राजकुमार राव की पत्नी और एक्ट्रेस पत्रलेखा ने भी पोस्टर शेयर कर इसकी तारीफ की।

उन्होंने अपने कैप्शन में लिखा कि यह एक रत्न है। यह फिल्म पहले अप्रैल में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब यह 31 मई को सिनेमाघरों में पहुंचेगी। धर्मा प्रोडक्शंस की फिल्म ‘मिस्टर एंड मिसेज माही’ जी स्टूडियो और धर्मा प्रोडक्शंस द्वारा प्रस्तुत की गई है।