गणेश चतुर्थी 2025 : मनोरंजन जगत पर छाया गणेशोत्सव का खुमार, करीना सहित इन सितारों ने ऐसे दीं शुभकामनाएं

आज बुधवार (27 अगस्त) को पूरे देश में गणेश चतुर्थी का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। लोग ढोल नगाड़े के साथ बप्पा को अपने घर लेकर आ रहे हैं। मनोरंजन जगत के सितारों पर भी इसका रंग चढ़ा हुआ है। वे सोशल मीडिया के जरिए प्रशंसकों को शुभकामनाएं दे रहे हैं। एक्ट्रेस करीना कपूर खान ने इंस्टा स्टोरी पर गणपति की तस्वीर पोस्ट कर कैप्शन में लिखा, “बप्पा के आशीर्वाद से हर उत्सव खुशी से भरा होता है। सभी को गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएं।”

एक्ट्रेस शरवरी वाघ ने इंस्टा स्टोरी पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें घर में मराठी अंदाज में ढोल बजते नजर आ रहा है, साथ ही वे गणेशजी के आगमन के लिए गाना गा रहे हैं। सिंगर व म्यूजिक डायरेक्टर विशाल ददलानी ने भी इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें 'मोरया' लिखा हुआ है। उन्होंने इसे कैप्शन दिया, “सभी को गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएं।” अभिनेता कुणाल खेमू और उनकी पत्नी अभिनेत्री सोहा अली खान ने भी इंस्टाग्राम पर एक फोटो पोस्ट की है।

इसे देख लग रहा है कि उन्होंने घर में गणपति की स्थापना की है। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “गणपति बप्पा मोरिया।” एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर थ्रोबैक वीडियो पोस्ट किया है, जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, “घर इस साल तुम्हारे बिना अधूरा लगता है, लेकिन दिल तुम्हारे आशीर्वाद से भरा है। गणपती बाप्पा मोरया, पुढच्या वर्षी लवकर या।” शिल्पा ने हाल ही खुलासा किया था कि परिवार में किसी का निधन होने से वह इस बार गजानन को अपने घर नहीं ला सकेंगी।
अनुपम और किरण खेर ने वीडियो शेयर कर दीं बधाई

दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर अपने प्रशंसकों को शुभकामनाएं दीं। अनुपम ने एक वीडियो शेयर किया और कहा, “गणेश चतुर्थी की आप सभी को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं! गणेश जी आपको हमेशा खुशियां और शांति प्रदान करें! गणपति बप्पा मोरया।” ‘तन्वी द ग्रेट’ में उनकी सह-कलाकार शुभांगी दत्त ने पोस्ट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लिखा, “आपको और आपके परिवार को गणेश चतुर्थी की बहुत-बहुत शुभकामनाएं सर!!”

अनुपम की पत्नी अभिनेत्री किरण खेर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें प्रधानमंत्री सभी को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते दिख रहे हैं। किरण ने लिखा, “गणपति बप्पा मोरया! श्री गणेश चतुर्थी की हार्दिक शुभकामनाएं।” अनुपम और किरण ने 26 अगस्त को शादी की 40वीं सालगिरह का जश्न मनाते हुए एक-दूसरे के लिए नोट लिखा।

एक्ट्रेस बिपाशा बसु ने बेटी देवी का एक खूबसूरत वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो अपने हाथों से क्ले की मदद से भगवान गणेश की प्रतिमा बनाती नजर आ रही हैं। बिपाशा उन्हें मूर्ति बनाना सिखा रही थीं। सामंथा रुथ प्रभु, अक्षय कुमार व अनिल कपूर सहित अन्य सेलेब्स ने भी अपने प्रशंसकों को शुभकामनाएं दीं।