श्रीदेवी के निधन पर देवर संजय कपूर ने बताई चौंकाने वाली बात

कल सुबह अचानक से इंटरनेट के जरिये श्रीदेवी के असामयिक निधन का समाचार मिला। दु:ख और अफसोस हुआ। श्रीदेवी ने दुबई में कार्डियक अरेस्ट के चलते आखिरी सांस ली। श्रीदेवी की मौत शनिवार को आधीरात में हुई। वे दुबई में मोहित मारवाह की शादी अटेंड करने कुछ दिन पहले दुबई गई थीं। सूत्रों के मुताबिक श्रीदेवी जुमेरा एमिरेट्स टॉवर होटल में रुकी थी। करीब आधीरात में वह कार्डियक अरेस्ट के चलते बाथरूम में बेहोश हो गईं।

जिसके बाद उन्हें राशिद अस्पताल में ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। श्रीदेवी की मौत की खबर को कनफर्म करते हुए बोनी कपूर के भाई संजय कपूर ने द खलीज टाइम्स को बताया कि कल रात 11 बजे उनको हार्ट अटैक आया जब दुबई के होटल में थीं। उन्होंने कहा कि हम इससे सदमे में हैं। श्रीदेवी को इससे पहले भी कभी हार्ट अटैक नहीं आया।

दुबई से श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को भारत लाने की तैयारी चल रही है। खबरों की मानें तो रात 1 बजे तक शव मुंबई पहुंचेगा और 11बजे अंतिम संस्कार होगा। अंतिम क्षणों में श्रीदेवी के पास उनकी दोनों बेटियां और पति मौजूद नहीं थे। मां की मौत की खबर सुनने के बाद जाह्नवी का बुरा हाल है।