सलमान खान को प्रियंका का जवाब, यूपी बरेली की पली बड़ी हूं जनाब

सलमान खान की अगली फिल्म भारत अब चर्चाओं में आ गई है। इस फिल्म की शूटिंग शीघ्र शुरू होगी। इससे पहले सलमान अपने भाई अरबाज खान की फिल्म दबंग-3 शुरू करेंगे। दबंग-3 इस वर्ष क्रिसमस के मौके पर प्रदर्शित होने की संभावना है। ‘भारत’ आगामी वर्ष ईद पर आएगी। इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा नजर आएंगी, जो हॉलीवुड प्रोजेक्ट्स से फुर्सत पाकर भारत लौट आयी हैं और अब हिंदी सिनेमा के पर्दे पर लौटने का इंतजाम कर चुकी हैं। प्रियंका, सलमान ख़ान के साथ भारत में बड़े पर्दे पर नजऱ आएंगी। इस फि़ल्म का निर्माण सलमान के जीजा जी अतुल अग्निहोत्री कर रहे हैं, जबकि अली अब्बास जफर का निर्देशन है। जफर प्रियंका के साथ पहले ‘गुंडे’ बना चुके हैं।

प्रियंका के भारत में फाइनल होने के बाद सलमान ख़ान ने अपने चिर-परिचित अंदाज़ में अपने ट्विटर एकाउंट से एलान किया है। सलमान ने लिखा- भारत... आपकी घर वापसी का स्वागत करता है। जल्द ही आपसे मिलूंगा। वैसे हमारी फिल्म हिंदी है। इसके बाद सलमान ने विंक का इमोटिकॉन बनाया है।

दरअसल, सलमान प्रियंका को इस बात के लिए छेड़ रहे हैं कि वो तो ज़्यादातर विदेश में रहती हैं, कहीं हिंदी भूल तो नहीं गयीं। सलमान की इस मजाक का प्रियंका ने भी उतना ही मजेदार जवाब दिया। प्रियंका लिखती हैं- यूपी बरेली की पली-बड़ी हूं जनाब। हमेशा के लिए देसी गर्ल। भारत का हिस्सा बनकर बहुत ख़ुश हूं। आप सबसे सेट पर मिलूंगी। सिनेमा के पर्दे पर प्रियंका और सलमान का पुनर्मिलन लगभग 10 साल बाद हो रहा है। 2008 की फिल्म ‘गॉड तुसी ग्रेट हो’ में दोनों साथ आये थे। हालांकि प्रियंका के साथ सलमान की ये चौथी फि़ल्म होगी। पहली बार 2004 की फिल्म मुझसे शादी करोगी में सलमान-प्रियंका की जोड़ी बनी। इस फिल्म में अक्षय कुमार भी थे। फिर 2007 की फि़ल्म सलाम-ए-इश्क में दोनों साथ आये।