‘सिम्बा’ की सफलता को लेकर चिंतित रोहित शेट्टी, सिंघम का सहारा

हाल ही में रोहित शेट्टी ने अपनी अगली फिल्म सिम्बा के लिए सारा अली खान को साइन किया है। इस फिल्म में उनकी जोड़ी रणवीर सिंह के साथ बनाई गई है। सिम्बा तेलुगू फिल्म ‘टेम्पर’ का रीमेक है। यह फिल्म इस वर्ष 28 दिसम्बर को प्रदर्शित होना तय है।

रणवीर सिंह इन दिनों दर्शकों में बहुत ज्यादा लोकप्रिय हो गए हैं। उन्हें सुपर सितारा हैसियत प्राप्त हो चुकी है। पद्मावत के बाद उनकी यह इस वर्ष दूसरी फिल्म होगी। लेकिन लगता है रोहित शेट्टी रणवीर सिंह के दम पर अपनी फिल्म को 300 करोड़ी नहीं बना पाएंगे, इसी के चलते अब उन्होंने इस फिल्म में अपने फेवरेट स्टार अजय देवगन को भी शामिल कर लिया है।

‘डीएनए’ की एक खबर के मुताबिक ये कहा जा रहा है कि साल के अंत में आ रही फिल्म सिम्बा में अजय देवगन कैमियो रोल करते नजर आएंगे। इस खबर की पुष्टि काफी हद तक अजय देवगन ने खुद ही कर दी है।

हिन्दुस्तान टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में अजय देवगन से जब सिम्बा में कैमियो करने का सवाल पूछा गया तो उन्होंने सीधे तौर पर न तो मना किया और न ही हां किया। अजय देवगन के जवाब से साफ है कि कहीं न कहीं इस बारे में बात चल रही है। सिम्बा इस वर्ष दिसम्बर में रिलीज होने वाली है। सिम्बा के रिलीज होने के बाद वर्ष 2019 में वे किसी भी समय सिंघम 3 की शूटिंग शुरू करेंगे।