कुछ खास नहीं रहा बॉक्स ऑफिस पर 'सर्कस' का पहला दिन, रोहित शेट्टी की इन 5 फिल्मों का नहीं तोड़ पाई रिकॉर्ड

शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह की मोस्ट अवेडेट फिल्म 'सर्कस' ने रिलीज के मौके पर महज 7 करोड़ का कलेक्शन किया है। मालूम हो कि रोहित शेट्टी के करियर की पिछली 5 फिल्मों में 'सर्कस' एक मात्र ऐसी फिल्म बनी है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर ओपनिंग डे पर सबसे कम कलेक्शन किया है।

हिंदी सिनेमा के मशहूर डायरेक्टर रोहित शेट्टी की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बंपर ओपनिंग के लिए काफी जानी जाती हैं। लेकिन फिल्म 'सर्कस' ने रोहित शेट्टी की उम्मीदों को रिलीज के पहले दिन झटका दिया है। हम आपको रोहित शेट्टी की उन फिल्मों के बारे में बताने जा रहे हैं जिनका बॉक्स ऑफिस पर पहला दिन शानदार रहा था।

साल 2021 में रिलीज हुई डायरेक्टर रोहित शेट्टी की 'सूर्यवंशी' ने पिछले साल बॉक्स ऑफिस पर ओपनिंग डे ताबड़तोड़ 26.29 करोड़ की कमाई की थी। इस फिल्म में सुपरस्टार अक्षय कुमार लीड रोल में मौजूद थे।

रणवीर सिंह के साथ रोहित शेट्टी की 'सिंबा' ने भी रिलीज के पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 20.72 करोड़ का कलेक्शन किया था। बता दें कि ये आंकड़े इंस्टेंट बॉलीवुड के हवाले से दिए गए हैं।

रोहित शेट्टी और सुपरस्टार अजय देवगन की 'सिंघम रिटर्न्स (Singham Returns)' ने रिलीज के पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर शानदार 32.09 करोड़ की इनकम की थी।

रोहित शेट्टी की मशहूर कॉमेडी फ्रेंचाइजी 'गोलमाल' की चौथी किस्त यानी 'गोलमाल अगेन' ने भी 30.14 करोड़ के साथ बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की थी।

सुपरस्टार शाहरुख खान (Shahrukh Khan) के साथ आई डायरेक्टर रोहित शेट्टी की फिल्म 'दिलवाले' ने भी ओपनिंग डे के मौके पर 20.40 करोड़ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया था।