रोहित शेट्टी के डायरेक्शन में बनी रणवीर सिंह स्टारर फिल्म 'सर्कस' कल यानी शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच में बज बना हुआ था इसके बावजूद सर्कस का पहला दिन बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास नहीं रहा। शुरूआती आंकड़े कह रहे हैं कि 'सर्कस' ने पहले दिन 7.5 करोड़ से 8.5 करोड़ रुपये के बीच कमाई की है। फाइनल आंकड़े आने पर कलेक्शन अगर थोड़ा बढ़ भी जाए, तब भी ये तय है कि 'सर्कस' पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर दहाई का आंकड़ा छूने से चूक गई है।रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह दो बड़े नामों का कमाल बॉक्स ऑफिस पर नहीं दिखा। लॉकडाउन के बाद बॉलीवुड को पहली बड़ी हिट 'सूर्यवंशी' देने वाले शेट्टी की फिल्म बॉक्स ऑफिस पर इतनी फीकी पड़ जाएगी, जिसकी उम्मीद नहीं थी।
रोहित शेट्टी की फिल्मों की बात करें तो उनकी फिल्मों का ओपनिंग कलेक्शन 8 करोड़ के करीब आखिरी बार 2010-11 में नजर आया था। 2010 में आई उनकी फिल्म 'गोलमाल 3' को 8 करोड़ की ओपनिंग मिली थी और 2011 में 'सिंघम' ने 8.94 करोड़ रुपये का फर्स्ट डे कलेक्शन किया था। उस समय के हिसाब से ये आंकड़ा बहुत बड़ा था।10 साल पहले, यानी 2012 में रोहित की 'बोल बच्चन' को 12.10 करोड़ की ओपनिंग मिली थी। पिछले एक दशक में रोहित शेट्टी की फिल्मों का फर्स्ट डे कलेक्शन 33 करोड़ के पार गया जो शाहरुख खान की 'चेन्नई एक्सप्रेस' से आया था।अभी तक रोहित शेट्टी बॉलीवुड के उन डायरेक्टर्स में से एक थे जिनकी पिछली सभी फिल्में हिट रही। रोहित की आखिरी फ्लॉप फिल्म 'संडे' थी, जो 2008 में रिलीज हुई थी। यानी पिछले 14 साल में रोहित ने एक भी फ्लॉप फिल्म नहीं दी है, लेकिन लग रहा है कि 'सर्कस' के फ्लॉप होने से उनके इस रिकॉर्ड में एक डेंट पड़ने वाला है।