केरल बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए रोहित शेट्टी ने बढ़ाया हाथ, डोनेट किए 21 लाख रुपए

केरल 100 साल की सबसे भयानक बाढ़ की तबाही से इस वक्त जूझ रहा है। 370 से ज़्यादा लोग अपनी जान गंवा चुके हैं और लाखों लोगों को अपने घर से बेघर होना पड़ा है। बेघर लोग राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। भीषण तबाही से केरल को बचाने के लिए कई लोग मदद के हाथ आगे बढ़ा रहे हैं। कई बॉलीवुड सितारों ने जहां अपने फैंस से बाढ़ पीड़ितों की मदद करने की अपील की है तो कई सितारे खुद इस मदद के लिए आगे आकर पैसे डोनेट कर रहे हैं। बॉलीवुड से लेकर साउथ तक के सितारों ने दिल खोलकर मदद की। अब बॉलीवुड निर्देशक रोहित शेट्टी Rohit Shetty ने केरल की मदद की है।

रोहित फिलहाल अर्जेंटीना में अपने रियेलिटी टीवी शो खतरों के खिलाड़ी की शूटिंग कर रहे हैं। केरल में आई बाढ़ के चलते प्रभावित लोगों के बारे में सुनने के बाद रोहित ने वहां लोगों को राहत पहुंचाने के बादे में सोचा। ऐसे में वो तुरंत मुम्बई वापस लौटे और यहां आ कर उन्होंने तत्काल प्रभाव से बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए 21 लाख रुपये का दान केरल के मुख्यमंत्री राहत कोष में दिया। सूत्र ने कहा, “रोहित पिछले कुछ सालों से लड़कियों की शिक्षा और कैंसर के मरीज़ों की मदद करते आए हैं। रोहित शेट्टी का ऑफिस ऐसे चैरिटेबल संस्थानों और अस्पतालों के संपर्क में रहता है जो गरीबों का इलाज करते हैं। अब बिना शोर-शराबा किए रोहित ने केरला की मदद की है।”

आपको बता दें कि रोहित शेट्टी बॉलीवुड के दिग्गज निर्देशकों में से एक हैं। रोहित शेट्टी ने कॉमेडी फिल्म सीरीज़ ‘गोलमाल’, ‘सिंघम’ और ‘सिंघम रिटर्न्स’, चेन्नई एक्सप्रेस और दिलवाले जैसी सुपरहिट फिल्मों का निर्देशन किया है।

गौरतलब है कि रोहित शेट्टी से पहले सलमान खान (12करोड़ ) शाहरुख खान (21 लाख), जैक्लीन फर्नांडीज़ (5 लाख), सुशांत सिंह राजपूत (1 करोड़), कंगना रनौत (10 लाख) जैसे कई सितारे केरल की मदद कर चुके हैं।