Forbes Report 2017 : 'दुनिया की सबसे प्रभावशाली महिलाओं' की सूची में शामिल होने पर गर्व : प्रियंका

बॉलीवुड की सीमाओं को लांघकर प्रियंका चोपड़ा इंटरनेशनल स्तर पर अपनी पहचान कायम कर रही हैं। प्रियंका ने अपने नाम एक नया रिकॉर्ड किया है।

देसी गर्ल अब फोर्ब्स की 100 शक्तिशाली महिलाओं की लिस्ट में शामिल हो गयी हैं। जी हां, दुनिया की 100 पॉवरपुल महिलाओं में प्रियंका ने अपनी जगह बना ली है। लिस्ट के मुताबिक, प्रियंका को 97वां स्थान मिला है।

प्रियंका चोपड़ा को दुनिया की सबसे शक्तिशाली महिला एंटरटेनमेंट एंड मीडिया की सूची में 15वां स्थान मिला है। प्रियंका इस समय अमेरिका में अपने टीवी शो क्वांटिको के तीसरे सीज़न की शूटिंग कर रही हैं। इसके अलावा दो हॉलीवुड फ़िल्मों अ किड लाइक जेक और इज़िंट इट रोमांटिक में भी पिग्गी चॉप्स नज़र आने वाली हैं। फोर्ब्स पत्रिका की 2017 की प्रभावशाली महिलाओं की सूची में शामिल होने पर अभिनेत्री प्रियंका का कहना है कि वह इससे सम्मानित महसूस कर रही हैं।

अभिनेत्री ने बुधवार रात अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर सूची की तस्वीर जारी की। प्रियंका ने तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा, "इन शानदार अग्रणी लोगों के साथ शामिल होने पर सम्मानित महसूस कर रही हूं, जो हर रोज हमें दिखाते हैं कि जो आपने मन में सोच रखा हैं, उसे पूरा कर सकते हैं और आप जो हैं, सच्चाई से उसके साथ खड़े होने पर कोई दिक्कत नहीं है। यहां बेहद मजबूत महिलाएं हैं, हम उन्हें जान सकते हैं, उनके साथ हो सकते हैं, उनको बढ़ावा दे सकते हैं। प्रभावशाली महिलाएं..दुनिया की 100 प्रभावशाली महिलाएं। फोर्ब्स।"