प्रियंका का एक और झटका, अभी साइन नहीं की कल्पना चावला बॉयोपिक

पिछले दिनों प्रियंका चोपड़ा भारत आई थीं। जिसके बाद मीडिया में इस प्रकार के समाचार प्रकाशित हुए कि प्रियंका सलमान खान की फिल्म ‘भारत’ में बतौर नायिका नजर आएंगी। लेकिन कुछ समय बाद ही यह बात चूचू का मुरब्बा साबित हुई। हाल ही में नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से मिली प्रियंका चोपड़ा के बारे में एक और समाचार आ रहा है जिसमें कहा जा रहा है कि उन्होंने पहली महिला अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला की बायोपिक करने से इंकार कर दिया है।

पहले कहा जा रहा था कि प्रियंका चोपड़ा कल्पना चावला की बायोपिक में नजर आ सकती हैं। उन्हें इस फिल्म की पटकथा पसन्द आई थी। हाल ही में जब प्रिंयका नई दिल्ली आई तो उनसे उनकी इस बायोपिक के बारे में पूछा गया तब उन्होंने कहा कि अभी भी वे सही पटकथा की तलाश में हैं। जब से प्रियंका चोपड़ा का यह कथन मीडिया में वायरल हो रहा है तब से यह अनुमान लगाया जा रहा है कि प्रिंयका चोपड़ा को कल्पना चावला की बायोपिक की पटकथा पसन्द नहीं आई है, जिसके चलते उन्होंने इससे किनारा कर लिया है। हालांकि अभी तक इन समाचारों का कोई आधिकारिक छोर पकड़ में नहीं आया है।