शाम की पार्टी में निक के प्यार में जमकर नाचीं प्रियंका चोपड़ा, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

प्रियंका चोपड़ा 'Priyanka Chopra' और निक जोनस 'Nick Jonas' ने अपनी सगाई का ऑफिशल अनाउंसमेंट कर दिया है। प्रियंका चोपड़ी की जिंदगी के इस खास दिन पर उनकी फैमिली और फ्रेंड्स मौजूद रहे। दिन में दोनों फंक्शन होने के बाद प्रियंका चोपड़ा ने शाम को पार्टी दी जिसमें बॉलीवुड और उद्योग जगत की कई बड़ी हस्तियां पहुंचीं। इस पार्टी में सबकी निगाहें प्रियंका और निक पर थीं। इस फंक्शन के वीडियो धीरे-धीरे सोशल मीडिया पर सामने आ रहे हैं। एक वीडियो में प्रियंका चोपड़ा निक और परिणीति के साथ जमकर डांस करती हुई नजर आ रही हैं।

यह वीडियो पार्टी के बीच का है जहां पर प्रियंका अपनी छोटी बहन और निक के साथ जमकर डांस कर रही हैं। दिलचस्प बात यह है कि इस वीडियो को निक बना रहे हैं जिसके पीछे आप प्रियंका और परिणीति को डांस करते हुए देखेंगे। इस वीडियो में प्रियंका और अपनी बहन के साथ डांस करने में इतनी खो जाती हैं कि वह खुद ही गाने को गुनगुनाने लगती हैं। वीडियो में प्रियंका और परिणीति के साथ निक भी मस्ती के मूड में लग रहे हैं। जिसे देखकर इतना जरूर कह सकते हैं कि निक की प्रियंका की छोटी बहन परिणीति के साथ खास बॉन्डिंग है। वीडियो में वेस्टर्न म्यूजिक बज रहा है जिस पर प्रियंका, निक और परिणीति डांस फ्लोर पर धमाल मचाते हुए नजर आ रहे हैं।

आपको बता दें, रोका सेरेमनी होने के कुछ देर बाद ही प्रियंका और निक ने अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करके रिश्ते को सार्वजनिक कर दिया था। दोनों ने ही एक क्यूट सी तस्वीर शेयर करते हुए एक खूबसूरत कैप्शन भी दिया था। निक ने इंस्टाग्राम पर तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था - 'फ्यूचर मिसेज जोनस, मेरा दिल मेरा प्यार'। इसके बाद प्रियंका ने इसी तस्वीर को साझा करते हुए लिखा - 'मेरी आत्मा और दिल को चुराने वाले'। प्रियंका और निक के इस ऐलान के बाद तो मानों सोशल मीडिया पर बधाई संदेश देने की झड़ी सी लग गई। बॉलीवुड के दिग्गज सेलिब्रिटीज ने प्रियंका और निक को बधाई दी। वहीं प्रियंका के फैंस भी प्रियंका और निक की तस्वीरों को देखने के बाद बधाई संदेश देने लगे। प्रियंका और निक रोके में पारंपरिक कपड़ों में दिखाई दिए तो वहीं शाम की पार्टी में वेस्टर्न ड्रेस में नजर आए।