घने कोहरे के कारण बरेली नहीं पहुंच पाईं प्रियंका चोपड़ा, ट्वीट कर जताया दुख

बरेली इंटरनैशनल यूनिवर्सिटी 24 दिसंबर को एक कार्यक्रम में प्रियंका चोपड़ा को डॉक्टरेट की उपाधी देने वाली थी। प्रियंका भी इसके लिए काफी उत्साहित थीं। बता दें कि प्रियंका का बचपन बरेली में ही बीता है और वह लगभग पांच साल बाद अपने गृहनगर पहुंचने वाली थीं, लेकिन कुदरत को यह मंजूर नहीं था और घने कोहरे के कारण प्रियंका की फ्लाइट समय से टेक ऑफ नहीं कर पाई और प्रियंका इस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकीं। इससे वह काफी आहत हुई हैं और इस बारे में ट्वीट भी किया है।

बता दें कि उन्हें दिल्ली से इस समारोह में हिस्सा लेने के लिए बरेली पहुंचना था। प्रियंका ने अपने इंस्टाग्राम पर भी एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वो एयरपोर्ट में फ्लाइट का इंतजार करती नजर आ रही हैं। इस दौरान वहां उनके साथ उनके भाई और मां भी मौजूद हैं।

प्रियंका ने ट्वीट कर इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होने पर दुख जताया है। उन्होंने लिखा, "मुझे दुख है कि मैं अपनी डॉक्टरेट की उपाधि लेने के लिए बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के कॉनवोकेशन समारोह में शामिल नहीं हो पाउंगी। हम लोग सुबह से एयरपोर्ट पर हैं और एटीसी की क्लियरेंस का इंतजार कर रहे हैं।"

प्रियंका ने आगे लिखा, "मेरी टीम ने वहां पहुंचने के और भी रास्ते तलाश करने की कोशिश की लेकिन कोहरे ने आज हमारे सभी प्लान को खराब कर दिया"। प्रियंका ने कॉनवोकेशन में शामिल नहीं होने पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने यूनिवर्सिटी का शुक्रिया अदा करते हुए वहां पढ़ने वाले सभी स्टूडेंट्स को उनकी आगे की जिंदगी के लिए दुआएं दी हैं।

वही प्रियंका का एक विडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। वीडियो में प्रियंका कुछ बच्चों के साथ कोई गेम खेल रहीं है। उसके बाद उन्ही बच्चों के साथ खूब डांस भी किया। बता दे, प्रियंका दिल्ली में यूनिसेफ इंडिया के कार्यक्रम में शामिल हुईं थी। इस वीडियो के साथ प्रियंका चोपड़ा ने कैप्शन में लिखा, 'दिल्ली का यह एक बेहद खूबसूरत दिन है और इस दिन की खूबसूरती का मौसम से कुछ लेना देना नहीं है। यह दिन इन बच्चों की मुस्कुराहटों के कारण इतना खुशनुमा है।'