सोनू सूद की पूरी कोशिशों के बाद भी नहीं बच पाई कोरोना संक्रमित 25 साल के युवक की जान, सोशल मीडिया पर शेयर किया दर्द

बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद (Sonu Sood) पिछले साल से ही कोरोना महामारी के बीच किसी न किसी तरह से जरूरतमंदों की मदद करने का काम लगातार कर रहे हैं। हाल ही में एक्टर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर एक 25 साल के युवा लड़के के कोरोना से निधन होने पर दुख जताया है। दरअसल, सोनू सूद और उनकी टीम इस लड़के को बचाने की पूरी कोशिश कर रहे थे। लेकिन, लड़के को बचाने में उनको सफलता नहीं मिल पाई।

सोनू सूद ने इस बारे में पोस्ट शेयर कर लिखा, 'एक 25 साल का लड़का जिसे हम बचाने की कोशिश कर रहे थे, आज कोरोना से अपनी लड़ाई हार गया। इतने दिनों तक यह जानने के बावजूद कि उसके बचने की संभावना कम थी, मैं उम्मीद के साथ हर रोज डॉक्टर से बात करता था। इस बारे में उसके पेरेंट्स को बताने की हिम्मत भी नहीं थी। किसे पता था कि ऐसा कुछ हो जाएगा। जब आप किसी को खो देते हैं, तो आप चाहते हैं कि आप किसी को बचा सकें।'

सोनू ने एक दूसरे पोस्ट में एक और युवा लड़के के बारे में बताया है, जो अपने जीवन के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने लिखा, 'एक और 29 साल का युवा लड़का है, जिसे हम बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उसकी हालत भी नाजुक है, वो तेलंगाना के एक अस्तताल में भर्ती है। गमगीन बहन से 20 मिनट बात की और उसे उम्मी दी। चारों ओर इतना दुख देखकर बहुत दुख हो रहा है। भगवान दया करे।'