बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने पूरे कोरोना काल में हर संभव कोशिश की कि वे हर जरूरतमंद तक अपनी मदद पहुंचा सकें। खुद कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद भी एक्टर ने मदद के लिए हाथ आगे करने वालों की मदद करने से इनकार नहीं किया। हाल ही में एक्टर ने अब कोरोना वायरस से संक्रमित फेफड़ों की समस्या से जूझ रही लड़की को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए एयर एंबुलेंस की व्यवस्था कराई है। 25 साल की लड़की भारती की स्थिति कोरोना की वजह से गंभीर बनी हुई है और उसके फेफड़े 85 से 90 फीसदी तक प्रभावित हैं। सोनू सूद की मदद से उसे हैदराबाद के अपोलो अस्पताल पहुंचाया गया है। डॉक्टर्स ने बताया कि उसके फेफड़ों को ट्रांसप्लांट या फिर विशेष इलाज की जरूरत है जो हैदराबाद में ही हो सकता है। सोनू सूद की मदद से लड़की को नागपुर से हैदराबाद एयरलिफ्ट कराया गया। जिसके बाद अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, लड़की को सही इलाज मिल सके, इसके लिए सोनू सूद लगातार डॉक्टर्स के संपर्क में हैं। सोनू सूद ने यह भी सुनिश्चित किया है कि सबसे बेहतरीन डॉक्टर्स की टीम द्वारा लड़की का इलाज कराया जाए। संभवत: यह कोविड 19 का पहला केस है जिसके लिए एयरएम्बुलेंस से एयरलिफ्ट किया गया। संक्रमित लड़की के पिता रिटायर्ड रेलवे अधिकारी हैं।हाल ही में सोनू सूद ने बताया था कि वह भी महामारी की चपेट में आ गए हैं, लेकिन 6 दिनों की अंदर ही उन्होंने कोरोना को मात दे दी है। सोशल मीडिया के जरिए एक्टर ने अपने फैंस को यह खुशखबरी दी है। सोनू सूद ने अपनी एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वो मास्क लगाए नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही इस फोटो के कैप्शन में उन्होंने लिखा- 'कोविड 19 का टेस्ट निगेटिव।'
एक्टर के फैंस ने कमेंट करते हुए उनके ठीक होने पर खुशी जाहिर की है। कोरोना के चलते देश पर छाए संकट के दौर में उन्होंने जिस तरह आम लोगों की मदद की, उसके बाद आज वह हर दिल पर राज करते हैं।