धर्मेंद्र ने देर रात किया ट्वीट तो फैन ने दे दी जल्दी सोने की सलाह, एक्टर ने कही ये बात

बॉलिवुड इंडस्ट्री के वेटरन ऐक्टर धर्मेंद्र (Dharmendra) सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस के साथ जुड़े रहते हैं। धर्मेंद्र कभी फार्महाउस पर खेती तो कभी चक्की से आटा पीसते हुए वीडियो भी शेयर करते हैं। इसी कड़ी में मंगलवार देर रात को धर्मेंद्र ने एक ट्वीट किया। धर्मेंद्र के ट्वीट के बाद एक फैन ने उन्हें रात को जल्दी सोने की सलाह दे डाली और देर से सोने का नुकसान भी बताया। इस पर धर्मेंद्र ने क्या जवाब दिया आइए जानते हैं...

दरअसल धर्मेंद्र ने 4 जनवरी की रात को अपनी फिल्म के एक गाने का वीडियो ट्विटर पर शेयर किया और लिखा, 'नलिनी जी आप पर भगवान का आशीर्वाद है। आपके प्यारे बच्चे जानते हैं कि उनके लिए क्या अच्छा है। इस क्लिप के लिए शुक्रिया। एक बहुत अच्छा गाना जिसे राजा मेहंदी अली खान ने लिखा और मदन मोहन ने कंपोज किया था। लेकिन बहुत ही खराब तरह से एडिट हुआ। एक न्यूकमर होने के नाते मैंने इसमें न्याय करने की कोशिश की।'

इस ट्वीट पर एक फैन ने लिखा, 'इतनी रात को जागना सेहत के लिए ठीक नही है सर!'

धर्मेंद्र ने जब यूजर का यह कॉमेंट देखा तो उन्होंने तुरंत जवाब में लिखा, 'नींद के भी अपने ही नखरे होते हैं अक्षय। कभी-कभी बर्दाश्त करने पड़ते हैं। अब सो जाऊंगा।'

वर्क फ्रंट की बात करें तो धर्मेंद्र फिलहाल 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' (Rocky Aur Rani Ki Prem Kahani) की शूटिंग कर रहे हैं। करण जौहर की इस फिल्म में रणवीर सिंह (Ranveer Singh), आलिया भट्ट (Alia Bhatt), शबाना आजमी और जया बच्चन भी हैं। इसके अलावा वह अनिल शर्मा की फिल्म 'अपने 2' में भी नजर आएंगे। फिल्म 'अपने' के इस सीक्वल में धर्मेंद्र (Dharmendra) के बेटे सनी (Sunny Deol) और बॉबी देओल (Bobby Deol) भी होंगे।