आज शनिवार (16 अगस्त) को पूरे देश में जन्माष्टमी की धूम है। लोग कृष्ण भगवान के जन्मदिन पर हर्षोल्लास के साथ जश्न मना रहे हैं। मनोरंजन जगत के सितारों पर भी इस त्योहार का रंग छाया हुआ है। वे सोशल मीडिया के माध्यम से फैंस को शुभकामनाएं और बधाइयां दे रहे हैं। मुंबई में एक्टर संजय दत्त दही हांडी उत्सव में शामिल हुए और फैंस के साथ इस त्योहार का जश्न मनाया। गोविंदा भी एक दही-हांडी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने डांस भी किया। इस कार्यक्रम के दौरान गोविंदा कृष्ण भक्ति में लीन दिखे।
गोविंदा के अलावा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। साथ ही शरद केलकर ने भी शिरकत की। अभिनेता जितेंद्र और जयाप्रदा भी जन्माष्टमी पर आयोजित एक इवेंट में शामिल हुए। इस दौरान दोनों सितारों ने भक्ति गीत पर डांस किया। हेमा मालिनी ने वीडियो शेयर कर फैंस को नंदलाल के जन्म की बधाई दी है। वीडियो में हेमा यशोदा मां के रूप में नजर आ रही हैं। शिल्पा शेट्टी अपने पति राज कुंद्रा और बेटी समीशा के साथ कान्हा के दर्शन करने मंदिर पहुंची। कृष्ण मंदिर से एक्ट्रेस का एक वीडियो सामने आया है जो वायरल हो रहा है। करीना कपूर खान ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक फोटो पोस्ट कर लिखा, “हैप्पी जन्माष्टमी। भगवान कृष्ण जी का आशीर्वाद हमें जिंदगी के हर कदम पर राह दिखाए।”
रकुलप्रीत सिंह ने भी बांसुरी बजाते हुए कृष्ण भगवान की फोटो पोस्ट कर लिखा, “भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षा भगवान कृष्ण की शिक्षाएं हमें सच के जुनून और अविचल विश्वास के साथ जीने के लिए इंस्पायर करें।” अनुपम खेर ने भगवान श्रीकृष्ण का खास वीडियो शेयर कर लिखा, “आप सभी को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बहुत-बहुत बधाई। जगत मुरारी जी आप सभी को सुख, संपत्ति और शांति प्रदान करें। जय श्री कृष्णा।” मौनी रॉय ने फोटो शेयर कर लिखा, “राधे राधे, आप सभी को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं। साथ ही स्वतंत्रता दिवस की भी बधाई। जय हिंद।”
माधुरी दीक्षित ने फोटो शेयर कर लिखा, “जन्माष्टमी की शुभकामनाएं।” टीवी एक्ट्रेस आरती सिंह ने लिखा, “जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान श्री कृष्ण आपको समृद्धि प्रदान करें। भगवान आपको अच्छी हेल्थ दे।” इसके अलावा सनी देओल और कंगना रनौत तक ने जन्माष्टमी की बधाई दी है। टीवी एक्टर करणवीर मेहरा ने फैंस को शुभकामनाएं देते हुए पोस्ट में लिखा, “हैप्पी जन्माष्टमी।”
फैसल खान ने ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी कर अपने फैसले की दी जानकारीसुपरस्टार आमिर खान के छोटे भाई फैसल खान (59) ने अपने परिवार से पूरी तरह नाता तोड़ लिया है। उन्होंने आज शनिवार (16 अगस्त) को एक ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बयान में लिखा, “मैं फैसल खान, आज से अपने पिता, मां और परिवार के किसी भी सदस्य का हिस्सा नहीं हूं। मेरी न तो किसी की संपत्ति पर कोई दावेदारी होगी और न ही किसी भी तरह की पारिवारिक जिम्मेदारी मेरी होगी।
मैं अब न तो आमिर खान के घर में रहूंगा और न ही उनसे किसी प्रकार की आर्थिक मदद लूंगा। सालों से परिवार के झूठे आरोप और व्यवहार की वजह से मैंने ये बड़ा कदम उठाया है। मुझे साल 2005 से 2007 तक जबरन दवाइयां खिलाई गई। साल 2005-2006 में मर्जी के खिलाफ घर में नजरबंद कर दिया। साल 2007 में परिवार द्वारा सिग्नेचर अधिकार छोड़ने का दबाव डाला गया। मां और बहन निखत हेगड़े ने आरोप लगाया कि मैं पैरानॉइड सिजोफ्रेनिया से पीड़ित हूं। अगस्त 2025 में मीडिया में झूठे बयान देकर मेरी छवि खराब की गई। मैं अब इस मामले में कोर्ट जाऊंगा।
अगले महीने एक रिट याचिका दायर कर आमिर और पूरे परिवार के खिलाफ लीगल एक्शन लेने की योजना बना रहा हूं। फैसल ने मीडिया और जनता से अपील की है कि इस मामले पर अनावश्यक टिप्पणी करने से बचें और उनकी निजता का सम्मान करें। बता दें फैसल एक्टर, डायरेक्टर और निर्माता हैं। फैसल और आमिर ने साल 2000 की फिल्म 'मेला' में लीड एक्टर के रूप में साथ काम किया था, लेकिन यह नहीं चली। फैसल इसके अलावा ‘जो जीता वही सिकंदर’ (1992), ‘मदहोश’ (1994), ‘कयामत से कयामत तक’ (1988) जैसी फिल्मों में भी नजर आए।