फिल्म समीक्षा - ‘परी’: नये अंदाज का हॉरर, गजब का ‘डर’, बेहतरीन अनुष्का

होली के अवसर पर शुक्रवार 2 मार्च को अभिनेत्री निर्मात्री अनुष्का शर्मा की फिल्म ‘परी’ का प्रदर्शन हुआ है। अपने प्रमोशनल वीडियोज के जरिये दर्शकों में फिल्म के प्रति जिज्ञासु बनाने में सफल रही अनुष्का शर्मा की यह फिल्म नए अंदाज का हॉरर पेश करती है। इसमें कोई भूत, आत्मा, डरावने चेहरे आदि नहीं है। इसके बावजूद यह बहुत डरावनी और रूह कंपकपाने वाली फिल्म है। इस फिल्म को अकेले देखते हुए दर्शक डरता है। उसके रोंगटे खड़े हो जाते हैं। निश्चित रूप से यह बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कामयाब है।

फिल्म का कथानक शैतान अर्थात् ईफरित पर है, जो अपनी जान बचाकर भाग रही है। अकेली लडक़ी जानकर फिल्म का नायक उसकी मदद करता है। जल्द ही उसे इस बात का पता चल जाता है कि जिसकी वह मदद कर रहा है वह आम इंसान नहीं है। फिल्म का क्लाइमैक्स शानदार है।

अनुष्का शर्मा का अभिनय तारीफ के काबिल है। उन्होंने अपने दोनों रूपों (डरना और डराना) में कमाल किया है। पहली बार निर्देशन में उतरे प्रोसित राय ने भारतीय सिनेमा को हॉरर फिल्म में कुछ अलग दिखाने में सफलता पायी है।

फिल्म को डरावना बनाने में इसके बैकग्राउंड म्यूजिक ने भी साथ दिया है, जो कई दृश्यों को डरावना बनाते हैं। निर्देशक ने फिल्म पर पूरी पकड़ रखी है, जिसके कारण यह कहीं भी बोझिल नहीं करती है। हालांकि कुछ दृश्य लम्बे खिंचे हैं।

हॉरर फिल्मों केे शौकीन दर्शकों के लिए पहली बार कोई हॉलीवुड स्टाइल की बॉलीवुड हॉरर फिल्म आई है जिसे वे जरूर देखना चाहेंगे।