प्रियंका, दीपिका की तरह हॉलीवुड में प्रवेश करना चहता हैं यह बॉलीवुड अभिनेता

प्रियंका चोपड़ा और दीपिका पादुकोण ने हॉलीवुड में अपना एक स्थान बनाने में सफलता प्राप्त कर ली है। अब बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह भी हॉलीवुड जाना चाहते हैं और पश्चिम के दर्शकों का दिल जीतना चाहते हैं।

रणवीर की हालिया प्रदर्शित ‘पद्मावत’ ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कामयाबी प्राप्त की है। रणवीर सिंह की इस वर्ष गली बॉय, सिम्बा और ‘83’ (क्रिकेट में जीते प्रथम विश्व कप की बायोपिक) आने वाली हैं। यह तीनों फिल्में अलग-अलग जोनर और अलग-अलग निर्देशकों की हैं। रणवीर सिंह भारत में अपनी सफलता से सन्तुष्ट नजर नहीं आ रहे हैं। उनकी नजर अब हॉलीवुड पर है और वे अंग्रेजी फिल्मों में काम करना चाहते हैं। संजय लीला भंसाली की पद्मावत की सफलता के बाद हाल ही में दिए अपने साक्षात्कारों में रणवीर सिंह ने मीडिया से अपने दिल की बात कही है। मीडिया से रू-ब-रू होते हुए रणवीर ने इंटरनेशनल डेब्यू की योजनाओं को साझा किया।

अनुपमा चोपड़ा को दिए अपने एक साक्षात्कार में रणवीर सिंह ने कहा कि मैं सचमुच में अंग्रेजी भाषा में कुछ करना चाहता हूँ। क्योंकि मैं अंग्रेजी माध्यम स्कूल से पढ़ा हूँ, इसलिए यह मेरी एक प्रमुख भाषा है। मैंने अपनी पढ़ाई युनाइटेड स्टेट्स से की है। इसलिए मैं अपनी दूसरी भाषा में कुछ करना चाहता हूं।

अपनी आने वाली फिल्मों के बारे में बात करते हुए रणवीर सिंह ने कहा कि मैं गली बॉय, सिम्बा और 1983 नामक फिल्में कर रहा हूँ। ‘पद्मावत’ में अलाउद्दीन खिलजी की भूमिका में नजर आ चुके रणवीर सिंह ने गली बॉय के लिए स्वयं को पूरी तरह से बदल लिया है। उन्होंने न सिर्फ अपना वजन कम किया है अपितु लुक को भी बदला है। गली बॉय के बाद वे कपिल देव की बायोपिक 1983 में नजर आएंगे जिसे कबीर खान निर्देशित कर रहे हैं।

उनकी रोहित शेट्टी निर्देशित फिल्म ‘सिम्बा’ इस वर्ष 29 दिसम्बर को प्रदर्शित होगी जिसमें उन्होंने भ्रष्ट पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया है। यह फिल्म दक्षिण की सुपर हिट ‘टेम्पर’ का रीमेक है, जिसमें जूनियर एनटीआर ने काम किया है।