Birthday Stars : मौनी रॉय और मुनमुन दत्ता ने शेयर की Photos, नीलम ने पति समीर को यूं किया विश

छोटे पर्दे से लेकर वेब सीरीज और बॉलीवुड तक में अपनी एक्टिंग का हुनर दिखाने वालीं एक्ट्रेस मौनी रॉय ने मंगलवार (28 सितंबर) को अपना 36वां जन्मदिन मनाया। मौनी सोशल मीडिया पर अक्सर अपनी बोल्ड फोटो और वीडियो शेयर करती हैं। फैंस उनके स्टाइलिश अंदाज के भी दीवाने रहते हैं। अब एक बार फिर से मौनी हॉट अवतार को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने फैंस के साथ अपना बर्थडे लुक शेयर किया है। वे गोवा में हैं। फोटो देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि मौनी ने बर्थडे कैसे सेलिब्रेट किया। इसकी तस्वीरें उन्होंने शेयर की हैं।

इनमें मौनी टू पीस बिकिनी में कभी पूल के अंदर तो कभी पूल के किनारे दिख रही हैं। पूल के किनारे बड़े से अक्षरों में मौनी लिखा नजर आ रहा है। मौनी ने 2006 में सीरियल क्योंकि सास भी कभी बहू थी से एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। वे देवों के देव महादेव में भी नजर आई थीं। मौनी कहो ना यार है, जरा नच के दिखा, पति पत्नी और वो जैसे रियलिटी शो में भी दिखीं। हाल ही में मौनी और सिंगर जुबिन नौटियाल का नया गाना 'दिल गलती कर बैठा है' रिलीज हुआ।


‘बबीता जी’ ने मां और बिल्ली के साथ मनाया जन्मदिन

सब टीवी के लोकप्रिय कॉमेडी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा की ‘बबीता जी’ यानी मुनमुन दत्ता ने मंगलवार (28 सितंबर) को अपना 34वां बर्थडे सेलिब्रेट किया। मुनमुन ने अपने इस स्पेशल डे पर मां और प्यारी सी बिल्ली के साथ केक काटा। मुनमुन ने जश्न के फोटो और वीडियो सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किए हैं। मुनमुन दत्ता खूबसूरत मेटेलिक ड्रेस में नजर आ रही हैं। उन्होंने ब्राइट पिंक कलर की लिपस्टिक लगाई हुई है, जो उनके लुक को हाईलाइट कर रही हैं। वे हाथों में लाल गुलाब और चेहरे पर बड़ी सी स्माइल के साथ कैमरे में देखकर खुशी से पोज दे रही हैं। मुनमुन का सेलिब्रेशन काफी स्वीट और सिंपल रहा। मुनमुन ने दो केक काटे, जिसमें एक चॉकलेट केक है और दूसरा स्पेशल क्राउन केक। बर्थडे पोस्ट में मुनमुन ने एक बुमेरांग वीडियो भी शेयर किया, जिसमें वे केक काट रही हैं।


नीलम कोठारी ने तस्वीरों का कोलाज किया शेयर

अभिनेता समीर सोनी आज बुधवार (29 सितंबर) को अपना 53वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उनकी पत्नी व मशहूर एक्ट्रेस नीलम कोठारी ने सोशल मीडिया पर उन्हें खास अंदाज में बधाई दी है। नीलम ने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरों का कोलाज बनाकर साझा किया है। इसके साथ ही नीलम ने लिखा-‘जन्मदिन की बधाई हजबैंड समीर सोनी। आपने मुझे पूरा किया।’ आपको बता दें कि 90 के दशक की चर्चित अभिनेत्री नीलम, समीर की दूसरी पत्नी हैं। दोनों ने 24 जनवरी 2011 को शादी की थी।

छोटे पर्दे से लेकर बड़े पर्दे तक का सफर तय करने वाले समीर की नीलम से मुलाकात प्रोड्यूसर-डायरेक्टर एकता कपूर की एक पार्टी में हुई थी। इसके बाद दोनों में दोस्ती और फिर प्यार हो गया। नीलम की भी समीर से यह दूसरी शादी थी। दोनों साथ में एक खुशहाल जिंदगी बिता रहे हैं। उनकी एक बेटी है जिसे गोद लिया है। समीर चाइना गेट, लज्जा, बागबां, विवाह, फैशन, मुंबई सागा, चेहरे जैसी चर्चित फिल्मों में काम कर चुके हैं। सोनी ने करियर की शुरुआत शो समंदर से की थी, जिसमें वे नेवी अफसर थे।