हंसी-मजाक से भरपूर लोकप्रिय टीवी शो ‘भाभी जी घर पर हैं’ करीब एक दशक से दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है। लोगों की जुबान पर इसके एक-एक कैरेक्टर का नाम है। हर किरदार पर जबरदस्त प्यार लुटाया जा रहा है। फिलहाल इसके फैंस को चिंता में डालने वाली खबर सामने आ रही है। सीरियल को हिट बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले लेखक मनोज संतोषी लीवर की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। मशहूर टीवी एक्ट्रेस कविता कौशिक ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इसे लेकर जानकारी दी है।
कविता ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो फैंस से मनोज के लिए प्रार्थना करने के लिए कह रही हैं। FIR में ‘इंस्पेक्टर चंद्रमुखी चौटाला’ के रोल से फेमस हुईं कविता ने कैप्शन में लिखा, “आप उन्हें ‘भाभी जी घर पर हैं, ‘हप्पू पलटन’, ‘जीजा जी छत पर’, ‘मैडम मे आई कम इन’, ‘एफआईआर’ के आखिरी कुछ एपिसोड, ‘ऑफिस ऑफिस’ और कई अन्य कॉमेडी शो के लेखक के रूप में जानते होंगे। आज मैं आप सभी से मनोज संतोषी के लिए प्रार्थना करने के लिए कहती हूं क्योंकि वे खराब लीवर के इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हैं।
बेनाइफर कोहली जैसे फरिश्ते और उनकी पूरी टीम उन्हें बचाने के लिए लड़ रही है। प्लीज इस अद्भुत इंसान के लिए प्रार्थना करें, उनकी देखभाल करने के लिए शिल्पा शिंदे को बहुत-बहुत धन्यवाद। आइए हम सब मिलकर उनके दोबारा सेहतमंद होने की प्रार्थना करें। उनकी कलम में आने वाले कई सालों तक स्याही बनी रहे और दुनिया उनके क्रिएटिव टैलेंट को और ज्यादा देख सके।”
डेलनाज ईरानी व आमिर अली सहित यूजर्स कर रहे संतोषी के लिए प्रार्थनावीडियो पर लिखा था, “जिस इंसान ने दशकों तक पूरे देश को हंसाया, वो अब जिंदगी के लिए लड़ रहा है। सब उनके लिए प्रार्थना करें।” यह वीडियो सामने आने के बाद से फैंस और मनोरंजन जगत से जुड़े लोग मनोज के जल्द से जल्द पूरी तरह से ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि मनोज ने ‘होटल ब्यूटीफुल’ और ‘तेरा मेरा टेढ़ा मेढ़ा’ में अपनी एक्टिंग का हुनर भी दिखाया है। एक्ट्रेस डेलनाज ईरानी और आमिर अली समेत कई एक्टर्स ने मनोज संतोषी के लिए प्रार्थना की है।
एक यूजर ने लिखा, “ओएमजी कविता..यह चौंकाने वाला है..भारतीय कॉमेडी स्पेस में हमारे जाने-माने लेखक। मैंने उन्हें भाभीजी घर पे हैं में जादू करते देखा है। वह एक सामान्य दृश्य को उठाकर उसे हंसी का दंगा बना देते थे। बेमिसाल। उनके ठीक होने की प्रार्थनाएं।” एक अन्य यूजर ने लिखा, “उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मैं कामना करता हूं कि वे और भी कई साल जिएं, जल्दी ठीक हो जाएं।”