2 News : BB OTT 3 की विजेता सना को है यह रेयर डिजीज, बादशाह की फिटनेस को देख हनी के फैंस कर रहे ट्रॉल

एक्ट्रेस सना मकबूल ने पिछले साल वर्सेटाइल एक्टर अनिल कपूर द्वारा होस्ट किए गए रियलिटी शो ‘बिग बॉस ओटीटी 3’ का खिताब जीता था। सना एक रेयर डिजीज को लेकर जूझ रही हैं। सना ने हाल ही भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में इसके बारे में बात की। सना ने कहा कि मुझे नॉन-अल्कोहलिक हेपेटाइटिस है। ये एक लीवर की बीमारी है। मैं उन लोगों में से हूं, जिन्होंने कभी अपनी जिंदगी में शराब नहीं पी, फिर भी ये बीमारी हो गई। ज्यादातर लोगों को अपनी लीवर की बीमारी के बारे में तब पता चलता है, जब वो आखिरी स्टेज में पहुंच जाते हैं।

इस मामले में मैं खुशकिस्मत रही कि मुझे ये बीमारी समय पर पता चल गई। साल 2021 में मुझे समझ ही नहीं आ रहा था कि मेरे साथ क्या हो रहा है। कई दिन तो ऐसे थे जब मैं बिस्तर से उठ भी नहीं पाती थी। ये एक ऑटो इम्यून बीमारी है जिसमें आपके शरीर की इम्युनिटी काफी कम हो जाती है। इसके कोई खास लक्षण नहीं हैं। इसमें, मेरे शरीर के ही बॉडी सेल्स शरीर के अंगों पर हमला करते हैं। मेरे मामले में यह कभी-कभी ल्यूपस होता है, यह आपकी किडनी पर असर डालता है या ऑर्थराइटिस की समस्या हो सकती है।

सामंथा रूथ प्रभु को मायोसिटिस है, जो एक मसल्स संबंधी बीमारी है। मुझे यह लीवर से जुड़ी बीमारी है। मेरे स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव लगा रहता है, मुझे नहीं पता कि इसे पूरी तरह से ठीक किया जा सकता है या नहीं। सना ने अपनी ‘बिग बॉस’ जर्नी को लेकर भी बात की। सना ने कहा कि मैं चाहती थी कि मैं जब ‘बिग बॉस’ के घर से बाहर आऊं तो मेरे पास काफी काम हो। हुआ भी कुछ वैसा ही, जब मैं वापस आईं तो मेरे पास काफी काम था और मैं काफी खुश हूं अपनी जर्नी से। 'बिग बॉस' के बाद सना कई म्यूजिक वीडियो में काम कर चुकी हैं, उनमें से एक 'बिग बॉस 18' के विनर करणवीर मेहरा के साथ भी था। हाल ही में वह नेजी के साथ एक वीडियो में नजर आईं।
बादशाह ने शेयर किया वीडियो, घटा लिया है काफी वजन

इन दिनों ‘इंडियन आइडल’ में जज की भूमिका निभा रहे मशहूर पॉप सिंगर व रैपर बादशाह ने अच्छा-खासा वजन कम कर लिया है और एक वीडियो साझा किया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में बादशाह बेहद दुबले नजर आ रहे हैं। बादशाह बदले हुए लुक और घटे हुए वजन के साथ काफी फिट लग रहे हैं। बादशाह इस वीडियो में कह रहे हैं, “जो चीज हम ड्रॉप कर रहे हैं वो ये है।

हमने सोचा था कि इसकी फोटो खीचेंगे अच्छी-अच्छी, हमने खींची लेकिन मजा नहीं आया। ये है भाई बड़ी सेक्सी टी शर्ट, ये नहीं ये इनर है। 247365 दस मार्च को एक्सक्लूसिव बैड फिट गो।” इसके बाद बादशाह की चर्चा हो रही है। बादशाह के फैंस उनके इस लुक की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं लेकिन रैपर हनी सिंह के फैंस को ये नागवार गुजरा है और वो लगातार बादशाह पर निशाना साध रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “हनी सिंह की चिंता में भाई आधा हो गया।” दूसरे ने लिखा, “हनी सिंह का कमबैक देखकर सूख गया।”

तीसरे ने लिखा, “इतना वजन कम करना तो कार्बन पार्ट्स रिप्लेसमेंट में भी नहीं होता।” चौथे ने लिखा, “ये बादशाह ही है या एपी ढिल्लन है।” पांचवें ने लिखा, ''जबरदस्त ट्रांसफॉरमेशन।” छठे ने लिखा, “क्या यह सिर्फ मैं हूं या वह कुछ-कुछ एपी ढिल्लों जैसा दिख रहा है?” उल्लेखनीय है कि बादशाह और हनी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है।