बॉक्स ऑफिस पर ‘बंदर’ की रफ्तार धीमी, कमाई के आंकड़े चौंकाने वाले, 5 करोड़ तक पहुंचना भी मुश्किल

बॉबी देओल की बहुचर्चित फिल्म ‘बंदर’ लंबे इंतजार के बाद आखिरकार 5 जून, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। रिलीज से पहले फिल्म को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला था। क्रिटिक्स और शुरुआती दर्शकों से फिल्म को सकारात्मक रिव्यू भी मिले, खासकर बॉबी देओल के दमदार अभिनय की खूब सराहना हुई। कंटेंट और परफॉर्मेंस की तारीफ के बावजूद फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उस तरह की पकड़ नहीं बना पाई, जैसी उम्मीद की जा रही थी। नतीजा यह रहा कि रोजाना की कमाई में फिल्म संघर्ष करती नजर आ रही है और अब इसके गुरुवार के कलेक्शन भी सामने आ चुके हैं।

धीमी कमाई के साथ संघर्ष कर रही ‘बंदर’

बॉबी देओल स्टारर ‘बंदर’ एक डार्क क्राइम थ्रिलर है, जिसमें सोशल मीडिया ट्रायल और झूठे आरोप जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों को दिखाया गया है। बॉबी देओल ने अपने किरदार में गहराई लाने की पूरी कोशिश की है, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का प्रदर्शन उम्मीद से काफी कमजोर रहा है।

रिलीज के साथ ही फिल्म को प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ा। शुरुआत में इसका सीधा टकराव राम चरण की ‘पेड्डी’ से हुआ, जिससे इसकी कमाई पर असर पड़ा। वहीं आने वाले दिनों में कंगना रनौत की ‘भारत भाग्य विधाता’ भी रिलीज होने जा रही है, जिससे मुकाबला और भी कठिन हो जाएगा।

Sacnilk के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन बेहद कमजोर शुरुआत करते हुए लगभग 0.50 लाख रुपये का कारोबार किया था। सातवें दिन तक पहुंचते-पहुंचते इसकी कमाई और भी धीमी हो गई और गुरुवार को केवल 0.25 लाख रुपये ही कमा सकी। इस तरह भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन अब तक लगभग 3.65 करोड़ रुपये पहुंच चुका है।
फिल्म के दैनिक कलेक्शन इस प्रकार रहे—

दिन 1: 0.50 लाख रुपये
दिन 2: 0.95 लाख रुपये
दिन 3: 1.00 करोड़ रुपये
दिन 4: 0.30 लाख रुपये
दिन 5: 0.40 लाख रुपये
दिन 6: 0.25 लाख रुपये
दिन 7: 0.25 लाख रुपये

कुल कमाई: 3.65 करोड़ रुपये

बॉक्स ऑफिस पर कड़ी टक्कर का दबाव

‘बंदर’ के लिए हालात पहले से ही आसान नहीं थे, क्योंकि रिलीज के साथ ही इसे कई बड़ी फिल्मों से टकराव झेलना पड़ा। राम चरण और जाह्नवी कपूर की फिल्म ‘पेड्डी’ ने बाजार में मजबूत पकड़ बनाए रखी है, जिससे ‘बंदर’ की स्क्रीनिंग और दर्शक संख्या प्रभावित हुई है।

इसके अलावा सिनेमाघरों में वरुण धवन की ‘है जवानी तो इश्क होना है’, मोहनलाल की ‘दृश्यम 3’, सूर्या की ‘करुप्पू’, आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की ‘पति पत्नी और वो दो’ तथा लक्ष्य लालवानी और अनन्या पांडे की ‘चांद मेरा दिल’ जैसी फिल्में भी मौजूद हैं।

इतनी भारी भीड़ के बीच ‘बंदर’ के लिए दर्शकों का ध्यान खींच पाना मुश्किल साबित हो रहा है। लगातार बढ़ती प्रतिस्पर्धा ने बॉबी देओल की इस फिल्म की कमाई पर सीधा असर डाला है और यही वजह है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार पकड़ने में नाकाम दिख रही है।