खतरे से बाहर है 'बसपन का प्यार' फेम सहदेव दिर्दो, एक्सीडेंट के कई घंटों बाद आया होश

'बसपन का प्यार' गाना गाकर रातोंरात स्टार बनने वाले सहदेव दिर्दो मंगलवार को एक सड़क हादसे में बुरी तरह घायल हो गए है। उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद सहदेव को सुकमा जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद जगदलपुर के मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया गया था। सहदेव अभी डॉक्टर्स की निगरानी में हैं। लेटेस्ट जानकारी के मुताबिक, सहदेव की हालत में अब काफी सुधार है और वो खतरे से बाहर हैं। बता दें कि घटना के वक्त से जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज शुरू होने तक करीब 5 घंटे तक सहदेव बेहोश रहे थे। रात 10 के बाद सहदेव को होश आया और अब वो खतरे से बाहर हैं।

मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर टीकू सिन्हा ने बताया है कि सहदेव होश में आ गए हैं। वो अब बातचीत भी कर रहे हैं। सहदेव के सीटी स्कैन और अन्य टेस्ट भी कराए गए हैं। सेहत में सुधार होने पर अब उन्हें रायपुर या विशाखापट्टनम रेफर करने की कोई जरूरत नहीं है। हालांकि, डॉक्टरों का कहना है कि 12 घंटे की ऑब्जर्वेशन के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। लेकिन वो फिलहाल खतरे से बाहर हैं और अपने परिवारवालों से बातचीत भी कर रहे हैं।

बता दें कि मुख्यमंत्री सहित बस्तर के प्रभारी मंत्री कवासी लखमा ने सहदेव के इलाज की मुफ्त व्यवस्था करने के निर्देश दिये हैं। सभी लोग अब सहदेव के जल्दी से ठीक होने की दुआएं कर रहे हैं।

बाइक अनियंत्रित होने की वजह से हुआ हादसा

आपको बता दे, मंगलवार की दोपहर सहदेव अपने 2 अन्य परिजनों के साथ बाइक पर पीछे बैठकर सुकमा ही जा रहे थे। इसी बीच बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में सहदेव के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य दोनों को मामूली चोट लगी। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने सहदेव को तत्काल पहचान लिया और वे उन्हें सुकमा अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरु किया। सहदेव दिरदो के सड़क हादसे में घायल होने की सूचना जैसे ही सुकमा कलक्टर विनीत नंदनवार व एसपी सुनील शर्मा को मिली वे भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने डॉक्टरों से सहदेव का हाल-चाल जाना।