बॉलीवुड एक्शन स्टार टाइगर श्रॉफ की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बागी 4’ आज यानी 5 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दे चुकी है। रिलीज से पहले ही इस फिल्म ने एडवांस बुकिंग में जबरदस्त प्रदर्शन कर निर्माताओं को खुश कर दिया है। करोड़ों की कमाई के साथ फिल्म ने अपनी ओपनिंग को लेकर उम्मीदें और भी बढ़ा दी हैं। आइए जानते हैं कि पहले दिन की रिलीज से पहले ‘बागी 4’ ने एडवांस टिकट सेल में कितना कारोबार किया और इसकी ओपनिंग कितनी बड़ी हो सकती है।
एडवांस बुकिंग में कैसा रहा ‘बागी 4’ का प्रदर्शन?पिछले कुछ समय से लगातार फ्लॉप फिल्मों का सामना कर रहे टाइगर श्रॉफ अब इस फिल्म से बॉक्स ऑफिस पर वापसी करने की कोशिश में हैं। दर्शकों की उत्सुकता और एडवांस टिकट सेल्स के आंकड़े इस ओर इशारा कर रहे हैं कि ‘बागी 4’ बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाने के लिए तैयार है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म के पहले दिन के लिए 2,23,397 टिकटें पहले ही बिक चुकी हैं।
एडवांस बुकिंग से फिल्म ने 5.54 करोड़ रुपये (ब्लॉक सीट्स को छोड़कर) कमा लिए हैं।
अगर ब्लॉक सीट्स को शामिल कर लिया जाए तो यह आंकड़ा और बढ़कर 8.47 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
क्या डबल डिजिट में होगी ओपनिंग?‘बागी 4’ की प्री-सेल्स महामारी के बाद टाइगर श्रॉफ की किसी भी फिल्म की सबसे बेहतरीन शुरुआत मानी जा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि यह फिल्म पहले ही दिन 12 से 13 करोड़ रुपये तक का कारोबार कर सकती है। हालांकि, असली चुनौती यह होगी कि क्या यह फिल्म अपनी गति को वीकेंड तक बनाए रख पाएगी या नहीं।
बॉक्स ऑफिस पर टक्कर‘बागी 4’ के सामने बॉक्स ऑफिस पर ‘द बंगाल फाइल्स’ खड़ी है, जिसने एडवांस बुकिंग से अब तक अच्छा-खासा कलेक्शन कर लिया है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, इसने ब्लॉक सीट्स सहित 1.22 करोड़ रुपये, और ब्लॉक सीट्स को छोड़कर 63.63 लाख रुपये का कारोबार किया है। ऐसे में दोनों फिल्मों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल सकता है।
फिल्म की स्टारकास्ट और खास बातें‘बागी 4’ में टाइगर श्रॉफ के साथ पूर्व मिस यूनिवर्स हरनाज़ संधू मुख्य भूमिका निभा रही हैं। फिल्म में सोनम बाजवा का भी अहम किरदार है, जबकि संजय दत्त एक खतरनाक विलेन के रूप में नजर आने वाले हैं। इसके अलावा श्रेयस तलपड़े भी प्रमुख भूमिका में दिखाई देंगे। खास बात यह है कि फिल्म को सेंसर बोर्ड से ‘ए’ सर्टिफिकेट मिला है, जिससे यह साफ है कि ‘बागी 4’ दर्शकों को एक रॉ और इंटेंस सिनेमैटिक अनुभव देने वाली है।