2 News : रणवीर के पॉडकास्ट में नहीं जाएंगे बी प्राक, शेयर किया वीडियो, मंडे टेस्ट में फेल हुई ‘लवयापा’ और ‘बैडएस रविकुमार’

मशहूर यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया इस समय माता-पिता को लेकर किए गए भद्दे कमेंट के कारण हर ओर से घिरे हुए हैं। सब लोग एकजुट होकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। रणवीर ने हालांकि माफी मांग ली है, लेकिन गुस्सा शांत होता नहीं दिख रहा। इस बीच विवाद को देखते हुए नामी सिंगर बी प्राक ने रणवीर के पॉडकास्ट में जाने से इनकार कर दिया है। बी प्राक ने कहा कि मैं ‘बीयर बाइसेप्स’ (रणवीर) के पॉडकास्ट में जाने वाला था, लेकिन अब इसे कैंसिल कर दिया है। वजह यह है कि उनकी गिरी हुई मानसिकता है।

समय रैना के शो में कैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। यह हमारा इंडियन कल्चर नहीं है। बी प्राक ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर कहा, “आप अपने पैरेंट्स की कौनसी स्टोरी बता रहे हैं। आप उनकी कौनसी बातें कर रहे हैं। किस तरीके से यह बातें कर रहे हैं। यह कॉमेडी है? इसे कॉमेडी तो बिल्कुल नहीं कहते। लोगों को गालियां देना, लोगों को गालियां सिखाना स्टैंड-अप कॉमेडी नहीं है। मुझे समझ ही नहीं आ रहा है कि यह कौन सी जनरेशन है। शो में एक सरदार (बलराज घई) जी आते हैं। सरदार जी आप एक सिख हैं, क्या आपको यह चीजें शोभा देती हैं।

सरदार जी इंस्टाग्राम के वीडियो में कहते हैं कि मैं गालियां देता हूं, क्या प्रॉब्लम है। हमें प्रॉब्लम है और रहेगी। रणवीर अलाहबादिया आप सनातन धर्म को प्रमोट करते हैं। इतने बड़े-बड़े लोग आपके पॉडकास्ट में आते हैं, बड़े-बड़े संत आते हैं और आपकी इतनी घटिया सोच है। आप इतने फेमस हो गए हैं। आपको तो यह दिखाना चाहिए कि अपने कल्चर को कैसे प्रमोट करें।

दोस्तों मैं आपसे एक ही बात बोलूंगा कि अगर हम यह सारी चीजें नहीं रोक पाए, तो हमारी आने वाली जनरेशन का भविष्य बहुत खराब होगा। मैं समय रैना समेत सभी कॉमेडियन से हाथ जोड़कर विनती करता हूं कि ऐसा मत करिए। हमारे इंडियन कल्चर को बचा कर रखिए और लोगों को मोटिवेट करिए। ऐसा कंटेंट बनाइए कि आने वाली जनरेशन को प्रेरणा मिले। थैंक्यू, राधे-राधे।”
जुनैद खान और खुशी कपूर की ‘लवयापा’ ने दर्शकों को किया बुरी तरह से निराश

जुनैद खान और खुशी कपूर की फिल्म 'लवयापा' 7 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। सेलेब किड्स की जोड़ी होने से निर्माताओं को काफी उम्मीदें थीं, लेकिन पहले दिन से ही बॉक्स ऑफिस पर इसका हाल-बेहाल है। बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क के मुताबिक 'लवयापा' ने ने सोमवार (9 फरवरी) को मात्र 60 लाख रुपए का कारोबार किया। इसका कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 5.15 करोड़ रुपए ही पहुंचा है।

फिल्म ने पहले दिन 1.15 करोड़ रुपए के साथ धीमी शुरुआत की थी। दूसरे दिन यह फिल्म 1.65 करोड़ और तीसरे दिन 1.75 करोड़ रुपए कमाने में सफल रही। फिल्म का बजट 50 करोड़ रुपए बताया जा रहा है। 'लवयापा' का डायरेक्शन अद्वैत चंदन ने किया है। यह साल 2022 में आई तमिल रोमांटिक कॉमेडी 'लव टुडे' का रीमेक है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ का आंकड़ा पार किया था। हिमेश रेशमिया की 'बैडएस रविकुमार' भी 7 फरवरी को ही सिनेमाघरों में पहुंची थी। इस फिल्म को भी दर्शकों ने नकार दिया है।

इसने रिलीज के चौथे दिन सोमवार को सिर्फ 60 लाख रुपए जुटाए। यह अब तक कुल 6.75 करोड़ रुपए कमा चुकी है। फिल्म ने पहले दिन 2.75 करोड़, दूसरे दिन 2 करोड़ और तीसरे दिन 1.4 करोड़ रुपए बटोरे थे। फिल्म में कोरियोग्राफर प्रभु देवा भी मुख्य भूमिका में हैं। इस हाई-ऑक्टेन एक्शन म्यूजिकल फिल्म का निर्देशन कीथ गोम्स ने किया है। फिल्म की कहानी एक पुलिसवाले की है, जो कानून के दायरे से अलग होकर काम करता है।