अवतार: द वे ऑफ वॉटर फिर से सिनेमाघरों में, 2 अक्टूबर से मिलेगा बड़ा मौका

जेम्स कैमरून की ब्लॉकबस्टर फिल्म अवतार: द वे ऑफ वॉटर एक बार फिर दर्शकों के लिए बड़े पर्दे पर लौट रही है। 20th सेंचुरी स्टूडियोज ने घोषणा की है कि यह फिल्म 2 अक्टूबर 2025 से भारत सहित दुनियाभर के सिनेमाघरों में दोबारा रिलीज की जाएगी। यह फिल्म केवल एक सप्ताह तक 3D में दिखाई जाएगी, जिससे दर्शक एक बार फिर पैंडोरा की मंत्रमुग्ध कर देने वाली दुनिया और सुली परिवार की भावुक कहानी का अनुभव कर सकेंगे।

दिसंबर 2022 में पहली बार रिलीज हुई इस फिल्म ने भारत में हॉलीवुड फिल्मों के सभी बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। यह न सिर्फ भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हॉलीवुड फिल्म बनी, बल्कि दुनियाभर में भी इसने ऐतिहासिक सफलता दर्ज की। शानदार विजुअल इफेक्ट्स और पानी के नीचे की अनोखी दुनिया को लेकर इस फिल्म को ऑस्कर अवॉर्ड भी मिला था।

सैम वर्थिंगटन और जो सलदाना ने फिल्म में मुख्य किरदार निभाए थे, जबकि सिगॉर्नी वीवर, केट विंसलेट और स्टीफन लैंग ने भी अपने प्रभावशाली अभिनय से कहानी को जीवंत किया। अब एक बार फिर दर्शकों को मौका मिलेगा कि वे इस सिनेमाई अद्भुतता को बड़े पर्दे पर महसूस कर सकें।

20th सेंचुरी स्टूडियोज इंडिया की ओर से बताया गया है कि 3 अक्टूबर से फिल्म भारतीय सिनेमाघरों में 3D फॉर्मेट में दिखाई जाएगी। वहीं, अवतार का तीसरा भाग अवतार: फायर एंड ऐश इस साल 19 दिसंबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रहा है। ऐसे में यह री-रिलीज दर्शकों के लिए अगले अध्याय से पहले का खास अनुभव साबित होगी।